समाचार

मुरैना में श्रद्धा से हुआ रक्षा बंधन विधान : अर्पित किया निर्वाण लाडू


जैन दर्शन में रक्षाबंधन का महत्व इसीलिए है कि इस दिन अंकम्पनाचार्य आदि 700 मुनियों का उपसर्ग दूर हुआ था। इसीलिए रक्षाबंधन पर्व मनाया जाता है। मुरैना से पढ़िए, मनोज जैन नायक की यह खबर…


मुरैना। नगर के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती बड़ा जैन मंदिर में चातुर्मासरत मुनिराजश्री विलोकसागरजी एवं मुनिश्री विबोधसागरजी महाराज ने धर्म सभा के दौरान रक्षाबंधन पर्व पर उद्बोधन देते हुए कहा कि जैन दर्शन में रक्षाबंधन का महत्व इसीलिए है कि इस दिन अंकम्पनाचार्य आदि 700 मुनियों का उपसर्ग दूर हुआ था। इसीलिए रक्षाबंधन पर्व मनाया जाता है। पौराणिक काल में अकंपनाचार्य के नेतृत्व में 700 जैन मुनियों का एक संघ हस्तिनापुर पहुंचा। राजा बलि ने उन पर उपसर्ग किया। जिससे मुनियों को कष्ट होने लगा। मुनि विष्णु कुमार ने वामन का रूप धारण कर बलि से तीन पग भूमि मांगी और तीन पग में ही सारा संसार नापकर मुनियों की रक्षा की। इस घटना को जैन धर्म में रक्षा बंधन के रूप में मनाया जाता है।

राष्ट्र, धर्म, और समाज की रक्षा का भी संकल्प

जैन धर्म में, रक्षा बंधन न केवल भाई-बहन के बीच प्रेम और सुरक्षा का प्रतीक है, बल्कि यह राष्ट्र, धर्म, और समाज की रक्षा का भी संकल्प लेने का दिन है। इस दिन, जैन धर्मावलंबी मंदिर जाते हैं, मुनि विष्णु कुमार और 700 मुनियों की पूजा करते हैं और एक-दूसरे को राखी बांधकर एक-दूसरे की रक्षा एवं देश, धर्म, संस्कृति, साधु संतों की रक्षा करने का संकल्प लेते हैं।

तीर्थंकर श्रेयांसनाथ को समर्पित किया निर्वाण लाडू

जैन धर्म में आदिनाथ से लेकर महावीर स्वामी तक 24 तीर्थंकर हुए हैं। आज युगल मुनिराजश्री विलोकसागरजी एवं मुनिश्री विबोधसागरजी महाराज के पावन सान्निध्य व निर्देशन में 11वें तीर्थंकर भगवान श्रेयांसनाथ स्वामी का मोक्ष कल्याणक महोत्सव हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। इस पावन अवसर पर प्रतिष्ठाचार्य पंडित पवनकुमार शास्त्री दीवान द्वारा सभी क्रियाएं मंत्रोचारण के साथ संपन्न कराई गईं। जैन धर्मावलंबियों ने भगवान श्रेयांसनाथ का अभिषेक, शांतिधारा करते हुए अष्टद्रव्य से पूजन किया। सभी जिनभक्तों ने संगीत की मधुर धुन पर निर्वाण कांड का वाचन करते हुए श्री जिनेंद्र प्रभु के श्री चरणों में निर्वाण लाड़ू समर्पित किया । प्रथम लाडू यतींद्रकुमार संजयकुमार जैन एवं द्वितीय लाडू एडवोकेट दिनेशचंद वरैया परिवार को समर्पित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। सभी साधर्मी बंधुओं, माता बहिनों ने श्री जिनेंद्र प्रभु की आरती उतारकर श्री श्रेयांसनाथ स्वामी को याद किया। इस अवसर पर विद्वत नवनीत शास्त्री विशेष रूप से उपस्थित थे।

 700 मुनिराजों को यादकर चढ़ाए गए 700 अर्घ्य

रक्षा बंधन के पावन पर्व पर युगल मुनिराजों के सान्निध्य एवं प्रतिष्ठाचार्य पवन शास्त्री दीवान के आचार्यत्व में रक्षाबंधन विधान का आयोजन किया गया । जिसमें सभी साधर्मी बंधुओं, माता बहिनों ने सम्मिलित होकर विष्णुकुमार मुनि सहित 700 मुनियों को स्मरण करते हुए उनका गुणगान किया। मंचासीन मुनि श्री विलोकसागरजी एवं मुनिश्री विबोधसागरजी महाराज स्वयं विधान का निर्देशन कर रहे थे । पूज्य युगल मुनिराजों के श्रीमुख से विधान का वाचन हो रहा था । एक एक कर सभी 700 मुनिराजों को सभी मुनिभक्तों द्वारा अर्घ्य के साथ श्रीफल समर्पित किए गए।

 मुनिराजों की पिच्छिका को बांधा रक्षा सूत्र

जैन धर्म में रक्षा बंधन का एक अलग ही महत्व है। धर्म, संस्कृति, साधु साध्वियों की रक्षा के संकल्प के साथ रक्षा बंधन मनाया जाता है । इसी संकल्प के साथ आज युगल मुनिराजों के संयम के उपकरण पिच्छिकाओं पर श्रावक श्रेष्ठियों द्वारा चांदी का रक्षा सूूत्र बांधा गया । पूज्य मुनिराज विलोकसागरजी महाराज की पिच्छिका को पवनकुमार सिद्धार्थ जैन पोरसा वाले परिवार एवं मुनिश्री विबोधसागरजी महाराज की पिच्छिका को महावीरप्रसाद विमलकुमार रेडियो वाले परिवार को रक्षा सूत्र बांधने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। मुनिराजों द्वारा सभी बंधुओं को रक्षा सूत्र वितरित किए गए। सभी ने अत्यंत ही श्रद्धा, समर्पण एवं भक्ति के साथ उन रक्षा सूत्रों को अपनी कलाई पर बांधा।

हुआ शांतिनाथ विधान का समापन

जैन संस्कृत महाविद्यालय में सोलह दिवसीय श्री शांतिनाथ विधान का आयोजन चल रहा था। आज विधान के अंतिम दिन विश्व शांति एवं कल्याण की भावना के साथ यज्ञ का आयोजन कर विधान समापन की घोषणा की गई। विधानाचार्य पंडित चक्रेश शास्त्री ने बताया कि पूज्य युगल मुनिराजों के पावन सान्निध्य में निरंतर सोलह दिन हुए विधान में जैन छात्रावास के बच्चों के साथ साथ सकल जैन समाज मुरैना ने सहभागिता प्रदान की । भविष्य में भी इस तरह के आयोजन विद्यालय परिवार द्वारा आयोजित होते रहेंगे।

जैन मिलन करेगा महामंत्र णमोकार का सामूहिक पाठ

अखिल भारतीय जैन मिलन परिवार द्वारा 10 अगस्त को सम्पूर्ण भारत वर्ष में एक साथ महामंत्री णमोकार का सामूहिक पाठ किया जायेगा। जैन मिलन महिला की सरिता जैन ने बताया कि जैन साधुओं पर हो रहे आक्रमण एवं जिनालयों पर अवैध कब्जों के विरोध में आज बड़े जैन मंदिर मुरैना में जैन मिलन महिला मुरैना द्वारा मुनिराजों के सान्निध्य में रात्रि 8 बजे से णमोकर महामंत्र का पाठ एवं सामूहिक आरती की जाएगी। आयोजन में सकल जैन समाज के साथ साथ सभी महिला मंडल एवं स्वयंसेवी संस्थाओं की सहभागिता रहेगी।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
4
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page