मुरैना में मोक्ष सप्तमी के अवसर पर तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ स्वामी का मोक्ष कल्याणक पर्व श्रद्धा और उल्लास से मनाया गया। नगर के जिनालयों में महामस्तकाभिषेक, निर्वाण लाड़ू समर्पण और धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रही। पढ़िए मनोज जैन नायक की विस्तृत खबर…
मुरैना। मोक्ष सप्तमी के पावन अवसर पर मुरैना नगर के सभी जिनालयों में भगवान पार्श्वनाथ स्वामी का मोक्ष कल्याणक महोत्सव भव्य रूप से मनाया गया। कार्यक्रमों में महामस्तकाभिषेक, निर्वाण लाड़ू समर्पण और संत प्रवचन शामिल रहे।
जैन संतों का संदेश
नगर में चातुर्मासरत पूज्य मुनिश्री विलोकसागर जी और मुनिश्री विबोधसागर जी महाराज ने धर्मसभा में कहा कि मोक्ष प्राप्ति हेतु सम्यक दर्शन, सम्यक ज्ञान और सम्यक चरित्र – ये त्रिरत्न अनिवार्य हैं। मोक्ष आत्मा की शुद्ध और आनंदमयी स्थिति है, जो हर आत्मा का लक्ष्य होना चाहिए।
नसियांजी जैन मंदिर में विशेष आयोजन
फाटक बाहर स्थित नसियांजी मंदिर में मूलनायक श्री पार्श्वनाथ भगवान का महामस्तकाभिषेक प्रथम कलश से पदमचंद गौरव जैन चैंटा वाले परिवार द्वारा किया गया। शांतिधारा और निर्वाण लाड़ू समर्पण के विशेष कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।
बड़े जैन मंदिर में युगल मुनिराजों के सान्निध्य में अभिषेक
बड़े जैन मंदिर में पूज्य मुनिश्री विलोकसागरजी एवं विबोधसागरजी महाराज और प्रतिष्ठाचार्य पं. पवन शास्त्री दीवान सागर के निर्देशन में भगवान पार्श्वनाथ का महामस्तकाभिषेक संपन्न हुआ। प्रथम कलश देवदत्त चेतनमाला जैन को प्राप्त हुआ।
निर्वाण लाड़ू समर्पण में टीटू जैन की संकल्प यात्रा
रुई की मंडी निवासी अभिषेक जैन ‘टीटू’ ने इस वर्ष लगातार 17वीं बार निर्वाण लाड़ू भगवान के चरणों में समर्पित किया। उनका संकल्प है कि वे 23 वर्षों तक लगातार निर्वाण लाड़ू समर्पित करेंगे, जो 2029 तक पूर्ण होगा।
नगर के सभी जिनालयों में पर्व जैसा वातावरण
सभी मंदिरों में धार्मिक उल्लास देखा गया। बड़े जैन मंदिर में बालिका मंडल और बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। अष्टद्रव्य पूजन, दीप प्रज्वलन और सामूहिक निर्वाण कांड वाचन से वातावरण भावविभोर हो गया।
मोक्ष कल्याणक की सभी विधियाँ सागर से पधारे प्रतिष्ठाचार्य पं. पवन शास्त्री दीवान द्वारा मंत्रोचारण से पूर्ण की गईं। इस अवसर पर ब्रह्मचारी संजय भैया, राहुल भैया, नवनीत शास्त्री सहित त्यागीवृत्ति जन विशेष रूप से उपस्थित थे।













Add Comment