मुरैना के बड़े जैन मंदिर में आज स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भव्य देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें ध्वजारोहण, बालिकाओं की परेड, “ऑपरेशन सिंदूर” नाटिका और युगल मुनिराजों के प्रवचन शामिल हैं। शाम को तीर्थंकर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के परिणाम घोषित कर विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। पढ़िए मनोज जैन नायक की खास रिपोर्ट…
मुरैना नगर के बड़े जैन मंदिर में प्रतिदिन श्री जिनेंद्र प्रभु की भक्ति, अभिषेक, शांतिधारा, पूजन और स्वाध्याय के साथ धार्मिक कार्यक्रम होते हैं, लेकिन आज का दिन विशेष है। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर बड़े जैन मंदिर परिसर में विविध देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। विलोक सागर बालिका मंडल के अनुसार, चातुर्मासरत युगल मुनिराजों के पावन सान्निध्य में बालिका मंडल और महिला मंडल के तत्वावधान में ध्वजारोहण, बालिकाओं की भव्य परेड, नाटिका मंचन और प्रवचन का आयोजन होगा। प्रातः 07:30 बजे ध्वजारोहण, 08:00 बजे बालिका मंडल की परेड और 08:30 बजे “ऑपरेशन सिंदूर” लघु नाटिका प्रस्तुत की जाएगी, जिसमें स्वतंत्रता संग्राम की गाथा और राष्ट्रीय एकता का संदेश निहित है। इसके पश्चात 09:00 बजे पूज्य युगल मुनिराजों के प्रवचन होंगे।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के परिणाम घोषित
कार्यक्रम के अंतर्गत झंडा फहराने के बाद राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन होगा। महिला मंडल और बालिका मंडल ने सभी साधर्मी बंधुओं, गणमान्य व्यक्तियों और समाजजनों से उपस्थिति की अपील की है। शाम के सत्र में विगत दिनों सम्पन्न हुई तीर्थंकर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए जाएंगे। संयोजक डॉ. मनोज जैन और विमल जैन बबलू ने बताया कि 100 में से 100 अंक लाने वालों को चांदी की जाप्य माला और 90 से अधिक अंक प्राप्त करने वालों को विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे। इन पुरस्कारों का वितरण श्रावक श्रेष्ठी संजयकुमार, रेखा जैन, रोबिन वैभव जैन (मुरैना) और लालजीराम लखमीचंद जैन (बानमौर) के सौजन्य से होगा। सभी प्रतिभागियों की उपस्थिति अनिवार्य है।













Add Comment