कुचामन सिटी में सकल जैन समाज ने 2552वां भगवान महावीर निर्वाण महोत्सव भक्ति, उत्साह और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया, जिसमें शांतिधारा, जलाभिषेक, स्नेह मिलन और लक्की ड्रा जैसे विविध आयोजन हुए। पढ़िए सुभाष पहाड़िया की रिपोर्ट…
सकल जैन समाज कुचामन सिटी द्वारा वर्तमान शासन नायक “जीवो और जीने दो” के संदेश तथा अहिंसा, संयम और करुणा मार्ग के प्रतिपादक श्री 1008 भगवान महावीर का 2552वां निर्वाण महोत्सव 21 अक्टूबर 2025 अमावस्या को बड़े ही धूमधाम और भक्ति भाव से मनाया गया।
प्रातःकाल सभी जैन जिनालयों में भगवान महावीर के कलशाभिषेक, शांतिधारा और पूजन-विधान में श्रावक-श्राविकाओं ने अत्यंत उत्साह और भक्ति के साथ भाग लिया। समाज के सचिव सुभाष पहाड़िया के अनुसार कुचामन के बड़े बाबा श्री 1008 भगवान महावीर की सवा सात फुट ऊँची प्रतिमा का सैकड़ों श्रावकों ने जलाभिषेक और शांतिधारा कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
समाज के अध्यक्ष सोभागमल गंगवाल ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी सकल समाज का सामूहिक स्नेह मिलन समारोह प्रातः 11 बजे वृंदावन गार्डन में आयोजित किया गया, जिसमें लक्की ड्रा, हाउजी, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन हुआ।
लक्की ड्रा एवं हाउजी के पुरस्कार वितरणकर्ताओं में श्रीमान विमल कुमार, नवीन कुमार, प्रबल, दर्शन, चिरंजीलाल पाटोदी, लालचंद, पुष्पा अजमेरा परिवार इन्दोखा वाला, देवेंद्र, जयकुमार, महेंद्र विकास पहाड़िया, बिनोद झांझरी, प्रमोद पांड्या तथा सुभाष रांवका शामिल रहे, जिन्होंने तिलक, माला और साफा पहनाकर सम्मान प्रदान किया।
हाउजी विजेताओं का मारवाड़ी धुनों पर नृत्य
रानी पाटनी और गुंजन गंगवाल ने हाउजी विजेताओं को मारवाड़ी धुनों पर नृत्य करवाकर माहौल को और अधिक उत्साहपूर्ण बना दिया।
कार्यक्रम में तेज कुमार बडजात्या, राजकुमार सेठी, अभिषेक पाटनी, अमित पहाड़िया, सचिन गंगवाल, माणक काला, पवन गोधा, अशोक एवं सुरेश जैन सहित अनेक समाजजनों का सराहनीय सहयोग रहा।
अंत में समाज के सचिव सुभाष पहाड़िया ने सभी सहयोगकर्ताओं और श्रावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।













Add Comment