समाचार

राजस्थान में जैन मुनि की हत्या का विरोध : राज्य भर में मौन जुलूस और रैली निकाली, ज्ञापन दिए गए


कर्नाटक में जैन संत कामकुमार नंदी महाराज की हत्या को लेकर जैन समाज में आक्रोश है। राजस्थान में आज जगह-जगह बंद का आह्वान किया गया, जिसे सर्व समाज का समर्थन मिला। पढ़िए यह विशेष रिपोर्ट…


जयपुर। कर्नाटक में जैन मुनि कामकुमार नंदी की निर्मम हत्या को लेकर जैन समाज में रोष है। हत्या के विरोध में जैन समाज के आह्वान पर 20 जुलाई को प्रदेशभर में प्रदर्शन किया जा रहा है और केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने, सीबीआई को सौंपने और आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की जा रही है।

उदयपुर

शहर में टाउनहॉल स्थित नगर निगम कैम्पस से रैली निकाली गई। रैली टाउनहॉल रोड होकर सूरजपोल, मार्शल चौराहा, धानमंडी होकर देहली गेट पहुंची। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और बच्चे मौजूद थे। मौन जुलूस के कलेक्ट्रेट पहुंचने पर ज्ञापन दिया गया। जैन समाज ने सुबह से प्रतिष्ठान बंद रखे। बापूबाजार, सिंधी बाजार, सूरजपोल, घंटाघर, बड़ा बाजार आदि क्षेत्रों में जैन समाज के प्रतिष्ठान विरोध स्वरूप दोपहर तक बंद रहे।

सागवाड़ा

सागवाड़़ा, ओबरी और रामगढ़ कस्बे बंद रहे। बंद के तहत व्यापारियों ने अपनी दुकान बंद रखी। सकल जैन समाज ने सागवाड़ा में रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, एसडीएम को राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर हत्यारों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई और संतों को सुरक्षा देने की मांग की।

सवाई माधोपुर

यहां सकल जैन‌ समाज के साथ सर्व समाज के लोग विरोध प्रदर्शन में शामिल रहे। जैन समाज के लोगों नेप्रतिष्ठान बंद रखे। सुबह 10:30 बजे सकल जैन समाज सहित सर्व समाज के लोग पुराने शहर स्थित पंचायती जैन मंदिर पर इकट्ठा हुए। जहां से सभी लोग जुलूस के रूप में पुलिस चौकी, सदर बाजार होते हुए खंडार बस स्टैंड पहुंचे। खंडार बस स्टैंड से यह लोग बसों से होकर सिटी सेंटर मॉल पहुंचे। जहां से जिला कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली गई और फिर कलेक्टर को ज्ञापन दिया गया।

कोटा

हत्यारों को फांसी की सजा, सीबीआई जांच सहित सभी संत एवं साधुओं की सुरक्षा सहित अन्य मांगों को लेकर गुरुवार को सुबह 8:30 बजे घोड़े वाले चौराहे से संभागीय आयुक्त ऑफिस तक काली पट्टी बांधकर मौन जुलूस निकाला गया। इस रैली में बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं और पुरुष शामिल हुए।

अजमेर

यहां भी जैन समाज के लोगों ने बंद का आह्वान किया और अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखे।

सीकर

जैन समाज की ओर से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे गए। इसके बाद सभी शहर के जाट बाजार स्थित दीवान जी की नसिया से रैली के रूप में रवाना हुए। यह मौन रैली सीकर के फागलवा पेट्रोल पंप, स्टेशन रोड, कल्याण सर्किल होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। जैन समाज के लोगों ने हाथों पर काली पट्टी बांधे रखी।

अलवर 

यहां भी विरोध में जुलूस निकाला गया। मौन जुलूस के अलावा दुकानें भी कुछ समय के लिए बंद रखी गई। समाज ने चेताया कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो हुंकार रैली निकाली जाएगी। शहर में मन्नी का बड़ स्थित श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर से मौन जुलूस शुरू हुआ। जो शहर के बाजारों से होते हुए होप सर्किल बाजार ,मालाखेड़ा बाजार होते महावीर भवन पहुंचा।यहां प्रधानमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।

बाड़मेर

बाड़मेर में जैन समाज की ओर से जुलूस निकाला गया। इस दौरान समाज के लोगों ने अपनी दुकानें भी बंद रखी। बाड़मेर में जैन श्रीसंघ, बाड़मेर के तत्वावधान में जैन समाज ने व्यापार बंद करके मौन रैली निकाली गई। रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते कलेक्ट्रेट पहुंची।

जैसलमेर

सकल जैन श्री संघ जैसलमेर के तत्वावधान में गुरुवार को दुकानें बंद रख विरोध जताया गया। हनुमान चौराहे से कलेक्टर ऑफिस तक पैदल मौन जुलूस निकाला गया। इसके बाद कलेक्टर को पीएम के नाम का ज्ञापन सौंपा गया।

चित्तौड़गढ़

चित्तौड़गढ़ में गुरुवार सुबह 11.30 बजे गोरा बादल स्टेडियम से मौन जुलूस शुरू किया। जो सुभाष चौक, पुरानी पुलिया, रोडवेज बस स्टैंड होते हुए कलेक्ट्रेट चौराहे तक पहुंचा। यहां सभी ने मानव श्रृंखला बनाकर अपना विरोध जताया।

टोंक

कस्बे में समाज के लोगों ने अपनी दुकानें बंद रखी। समाज के लोग जिला मुख्यालय पर पहुंचे और जुलूस निकाल कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां कलेक्टर को पीएम मोदी के नाम का ज्ञापन सौंपा।

प्रतापगढ़

सकल जैन समाज ने हत्या के विरोध में दोपहर को 3 बजे जिला परिषद से रैली निकाली गई, जहां प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।

बांसवाड़ा

बांसवाड़ा में बंद दौरान दोपहर एक बजे तक प्रतिष्ठान बंद रखे गए। बंद के दौरान गुरुवार को ही सुबह 10 बजे जैन समाज मौन जुलूस निकालकर राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। जैन समाज के बंद को अन्य समाज- संगठनों ने भी समर्थन दिया ।

भवानी मंडी

नगर बंद के दौरान जैन समाज जनों ने वाहन रैली निकालकर भवानीमंडी व पचपहाड़ नगर को पूर्ण रूप से बंद रखवाया। बंद में प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन, व्यापार महासंघ व सर्व समाज जनों द्वारा सहयोग किया गया।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
3
+1
1
+1
0
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page