समाचार

जाप अनुष्ठान में गूंजा णमोकार महामंत्र

-युवाओं ने भजन-भक्ति के साथ किया मासिक णमोकर महामंत्र जाप का शुभारंभ

जयपुर.अभिषेक जैन बिट्टू । अखिल भारतीय दिगंबर जैन युवा एकता संघ की ओर से बीते रविवार रात 8 बजे से 10 बजे तक मासिक णमोकर महामंत्र जाप अनुष्ठान प्रारंभ किया गया। यह जाप अनुष्ठान हर महीने संगठन से जुड़े सदस्यों और पदाधिकारियों के निवास स्थान पर आयोजित किया जाएगा। इसी कड़ी में अनुष्ठान रविवार को मानसरोवर संभाग कार्यकारिणी के सदस्य सुदर्शन पाटनी के निवास स्थान पर किया गया। इसमें संगठन से जुड़े सभी सदस्यों ने भाग लिया और भजन-भक्ति व श्रद्धाभाव के साथ णमोकार महामंत्र जाप का गुणगान किया।

कार्यक्रम संयोजक अनंत जैन और प्रियंका अजमेरा ने बताया कि कोरोना महामारी के चलते विगत ढाई वर्ष मासिक णमोकर महामंत्र जाप के कार्यक्रम पर विराम लग गया था, अब स्थिति सामान्य होने से संगठन ने पुनः मानसरोवर संभाग से मासिक णमोकर महामंत्र जाप का शुभारंभ किया है। इसमें संगठन और समाज से जुड़े बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और युवाओं ने भाग लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने णमोकर महामंत्र का गुणगान करने के साथ ही ” मंत्र जपो नवकार रे मनवा …, ” णमोकार मंत्र है हमें प्राणों से प्यारा ….” , ” तुम से लागी लगन ….”, ” जैन धर्म के हीरे मोती ….”, ” नाम तुम्हारा तारणहारा कब तेरे दर्शन होंगे ….”, ” भगवान मेरी नैया उस पार लगा देना हम भटके रहे हैं हमें सन्मार्ग दिखा देना ….” आदि भजनों के साथ सभी श्रावक और श्राविकाओं ने भगवान महावीर स्वामी की सामूहिक आरती कर, पंचपरमेष्ठी का गुणगान किया।

 

जाप अनुष्ठान आयोजन के दौरान संगठन राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक जैन बिट्टू, राष्ट्रीय प्रवक्ता मयंक जैन, कोषाध्यक्ष सीए मनीष छाबड़ा, प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद बाकलीवाल, प्रदेश महामंत्री कुणाल काला, मंत्री निशांत जैन, जिला महामंत्री रक्षित जैन आदि सहित मानसरोवर व किशनपोल संभाग के सदस्य शामिल हुए। मानसरोवर संभाग अध्यक्ष कुलदीप छाबड़ा ने बताया कि मासिक णमोकर महामंत्र जाप अनुष्ठान का मूल उद्देश्य समाज के युवाओं को धर्म से जोड़ने और धर्म के प्रति प्रभावना बढ़ाने का है। अखिल भारतीय दिगंबर जैन युवा एकता संघ युवाओं का एकमात्र संगठन है, जिसमें 99 फीसदी से अधिक सदस्य 40 वर्ष से कम उम्र के हैं।

आज के व्यस्तम दौर में जहां प्रत्येक नागरिक धर्म और समाज को भूलकर केवल कमाई करने में व्यस्त है, ऐसे दौर में एकता संघ समाज के युवाओं को जोड़कर एकजुट करने और धर्म की प्रभावना बढ़ाने का कार्य कर रहा है। मासिक णमोकर महामंत्र जाप के आयोजन से सभी युवा धर्म से आसानी से जुड़ सकते है। णमोकार जाप के आयोजन पश्चात सभी सदस्यों का मेल-मिलाप भी होता है।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

You cannot copy content of this page