समाचार

राष्ट्रपति भवन में अनिमेष पाटनी को वीर चक्र से नवाज़ेंगी राष्ट्रपति : जैन समाज में उमंग, बारां के बेटे ने बढ़ाया भारत का मान


राजस्थान के बारां जिले के कुंजेड गांव के वायु सेना ग्रुप कैप्टन श्री अनिमेष पाटनी को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दिखाई गई वीरता के लिए राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा वीर चक्र से सम्मानित किया जाएगा। इस उपलब्धि से समस्त जैन समाज और राजस्थान गौरवान्वित हुआ है। पढ़िए पारस जैन पारसमणि की ख़ास रिपोर्ट…


बारां। राजस्थान की पावन धरती, जिसने राणा प्रताप, पन्नाधाय और हाड़ी रानी जैसे त्याग और शौर्य के प्रतीक दिए, उसी वसुंधरा के बेटे भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन श्री अनिमेष पाटनी को वीर चक्र से सम्मानित किया जाएगा।

बारां जिले के कुंजेड गांव निवासी पाटनी जी ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान में घुसकर एयर स्ट्राइक की थी। इस वीरता के लिए भारत सरकार ने उन्हें युद्धकालीन तीसरा सर्वोच्च वीरता पुरस्कार ‘वीर चक्र’ देने की घोषणा की है। यह सम्मान राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रदान किया जाएगा।

भारत सरकार की ओर से वायु सेना के 9 अधिकारियों को वीर चक्र से अलंकृत करने की घोषणा हुई है। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं आदमपुर एयर बेस पर पहुंचे और अनिमेष पाटनी व उनकी टीम को बधाई दी।

पूरे समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत

अनिमेष पाटनी के बड़े भाई एडवोकेट प्रशांत पाटनी ने बताया कि कुंजेड गांव में वर्तमान में मात्र तीन दिगंबर जैन परिवार रहते हैं और एक प्राचीन जैन मंदिर भी है। यह गौरव पूरे समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कोटा सकल दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष प्रकाश जैन बज ने इसे हाडौती और जैन समाज का गौरव बताया। राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी पारस जैन “पार्श्वमणि” ने कहा कि कैप्टन पाटनी को यह पुरस्कार मिलने से पूरे भारतवर्ष की जैन समाज में हर्ष की लहर है। समाजजनों ने अनिमेष पाटनी को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएँ और बधाइयाँ प्रेषित कीं और कहा कि यह सम्मान न केवल पाटनी परिवार बल्कि सम्पूर्ण राष्ट्र और जैन समाज की शान है।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
6
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

Tags

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page