स्वस्तिभूषण माताजी ने जैन बगीची में मां स्वस्ति इंटरनेशनल स्कूल के शिलान्यास समारोह के अवसर पर उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करते हुए प्रवचन दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों में भी संस्कारों का बीजारोपण हो। पढ़िए मनोज नायक की विस्तृत रिपोर्ट…
मुरैना। वर्तमान में ज्ञान के क्षेत्र में होड़ चल रही है। अपने बच्चों के भविष्य को लेकर माता-पिता काफी चिंतित रहते हैं। आजकल शिक्षा का व्यवसायीकरण ही गया है। वर्तमान में स्कूलों में मात्र लौकिक शिक्षा दी जाती है। बच्चों को धार्मिक शिक्षा और संस्कारों से दूर रखा जाता है। आजकल बच्चे पढ़-लिखकर मशीनी मानव बन रहे हैं, उनकी संवेदनाएं शून्य रहती हैं। पुराने समय में राजा-महाराजा हो या कोई साधारण व्यक्ति सभी की शिक्षा घर से दूर गुरुकुलों में होती थी। गुरुकुलों में बच्चों को लौकिक शिक्षा के साथ-साथ संस्कारवान और गुणवान बनाया जाता था। वर्तमान में मंदिरों को हम अधिक महत्व दे रहे हैं।
जबकि हमें भगवान के मंदिरों के साथ- साथ ज्ञानार्जन के लिए स्कूलों की स्थापना भी करना चाहिए। उक्त विचार स्वस्तिधाम प्रणेत्री गुरुमां गणिनी आर्यिका श्री स्वस्तिभूषण माताजी ने जैन बगीची में मां स्वस्ति इंटरनेशनल स्कूल के शिलान्यास समारोह के अवसर पर उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करते हुए व्यक्त किये। आर्यिका श्री स्वस्तिभूषण ने कहा कि श्री गोपाल दिगम्बर जैन संस्कृत महाविद्यालय, मुरैना का 125 वर्ष पुराना विद्यालय है। इस विद्यालय में अनेकों मुनियों, विद्वानों ने शिक्षा ग्रहण कर पूरे भारत में यश प्राप्त किया है।
आज इसी संस्था के अंतर्गत मां स्वस्ति इंटरनेशनल स्कूल की आधार शिला रखी जा रही है। इस स्कूल में बच्चों को लौकिक शिक्षा के साथ-साथ धर्म एवं संस्कारों का बीजारोपण भी किया जाएगा। शिलान्यास समारोह के शुभारम्भ में मंगलाचरण एवं अथितियों द्वारा चित्र अनावरण व दीप प्रज्वलित किया गया। मां स्वस्ति इंटरनेशनल स्कूल की मुख्य आधारशिला इंडियन वूमेन सूरत के डायरेक्टर सुनील जैन ने रखी। द्वितीय आधार शिला रखने का सौभाग्य अम्बाह नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष जिनेश जैन को प्राप्त हुआ। आदिनाथ साड़ी सूरत के महेशचंद जैन ने तृतीय आधार शिला रखीं।
कार्यक्रम का संचालन मनोज जैन आगरा ने किया। प्रतिष्ठाचार्य जयकुमार निशांत एवं राकेश भूरा पंडित जी ने मंत्रोच्चारण के साथ सभी क्रियाओं को सम्पन्न कराया। बाहर से पधारे हुए अथितियों द्वारा पूज्य गणिनी आर्यिका श्री लक्ष्मीभूषण, श्री स्वस्तिभूषण, श्री अंतसमती माताजी के चरणों में श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया। मुरैना ज्ञानतीर्थ पर चातुर्मास करने के लिए योगेश जैन (खतौली वाले) के नेतृत्व में ज्ञानतीर्थ परिवार एवं सकल जैन समाज द्वारा समस्त आर्यिका संघ को श्रीफल अर्पित किया। धौलपुर, शिवपुरी सहित अन्य स्थानों से आये हुए गुरुमां के भक्तों ने चातुर्मास हेतु श्रीफल अर्पित किया।

शिलान्यास समारोह में जयपुर से रमेश ठोलिया, चेतन जैन, सुबोध जैन, विनोद जैन आगरा दिगम्बर जैन परिषद के अध्यक्ष जगदीशचंद जैन, अतिशय क्षेत्र पदमपुरा के अध्यक्ष सुधीर जैन, मंत्री हेमंत जैन, शिवपुरी समाज के अध्यक्ष राजकुमार जैन जड़ी बूटी के अलावा सूरत, जयपुर, ग्वालियर, आगरा, शिवपुरी, बड़ौत, अम्बाह, जौरा, धौलपुर, डबरा सहित अनेकों स्थान से गुरुमां के भक्तजन मौजूद थे।













Add Comment