समाचार

श्रीसंजय मुनि जी मसा के मुखारबिंद से 163 उपवास के लिए प्रत्याख्यान: हेमलता बांठिया का तीसरी बार विश्व रिकॉर्ड


हेमलता प्रदीप कुमार बांठिया का नाम तीसरी बार गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में 7 दिसंबर को दर्ज होगा। दीर्घ तपस्विनी हेमलता बांठिया के नाम इससे पूर्व 151 और 161 उपवास की तपस्या का रिकार्ड दर्ज हो चुका है। 7 दिसंबर को वरघोड़ा निकाला जा रहा है। पढ़िए नोखा से यह खबर…


नोखा। हेमलता प्रदीप कुमार बांठिया का नाम तीसरी बार गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में 7 दिसंबर को दर्ज होगा। दीर्घ तपस्विनी हेमलता बांठिया के नाम इससे पूर्व 151 और 161 उपवास की तपस्या का रिकार्ड दर्ज हो चुका है। आचार्य श्री रामेश के आज्ञानुवर्ती शासन दीपक श्री संजय मुनि जी मसा के इस चातुर्मास से पूर्व ही इन्होंने अपनी तपस्या शुरू कर दी थी जो निरंतर स्वाध्याय-साधना के साथ जारी है। इन्होंने शुक्रवार को प्रवचन सभा के दौरान श्री संजय मुनि जी मसा के मुखारबिंद से 163 उपवास के प्रत्याख्यान लिए। इसके अलावा 165 उपवास के प्रत्याख्यान 8 दिसंबर को आचार्य श्री रामेश के मुखारबिंद से ब्यावर में ग्रहण करेंगी।

मुनि श्री ने तपस्या का महत्व समझाया
प्रवचन सभा में श्री संजय मुनि जी मसा ने उत्तराध्ययन सूत्र का वाचन करते हुए तपस्या के प्रभाव को समझाया। जीवन को धर्म ध्यान से जोड़ने पर जोर देते हुए दीर्घ तपस्या की अनुमोदना की। इससे पूर्व श्री मुक्तेश्वर मुनि जी मसा ने भी धर्मसभा को संबोधित किया।

वर घोड़ा निकलेगा आज
मंत्री बाबूलाल कांकरिया ने बताया कि हेमलता बांठिया की तपस्या के उपलक्ष्य में श्री साधुमार्गी जैन संघ ने शनिवार को वरघोड़े का आयोजन सुबह 8:15 बजे से किया जा रहा है। वरघोड़ा सुबह प्रदीप बांठिया के निवास से निकलेगा। जो सदर बाजार सहित नोखा के मुख्य मार्गों से होता हुआ जैन जवाहर भवन, जैन चौक में पहुंचेगा। जैन जवाहर भवन में सुबह 9:15 बजे प्रवचन का कार्यक्रम श्री संजय मुनि जी मसा के सानिध्य मे रखा गया है। प्रवचन के बाद सेठिया धार्मिक भवन में अभिनंदन समारोह रखा गया है।

अभिनंदन होगा
समारोह के दौरान गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड द्वारा हेमलता बांठिया का नाम तीसरी बार दर्ज किया जाएगा। इस कार्यक्रम में हेमलता बांठिया का संघ द्वारा अभिनंदन किया जाएगा।

मुमुक्षु करिश्मा की दीक्षा 7 फरवरी को
संघ के पूर्व अध्यक्ष मोहनलाल पारख ने बताया कि आगामी 7 फरवरी 2025 को नोखा की मुमुक्षु करिश्मा लुणिया सुपुत्री गौतमचंद, ममता देवी लुणिया की दीक्षा आचार्य श्री रामेश के मुखारबिंद से नोखा में होगी। इनके साथ 3 मुमुक्षुओं की भी दीक्षा होगी। उन्होंन होने वाले वरघोड़े और अभिनंदन समारोह में अधिकाधिक उपस्थिती की प्रेरणा की।

इस तरह की हो रही तपस्या
श्री साधुमार्गी जैन संघ, नोखा के अध्यक्ष मदनलाल लुनिया ने बताया कि हेमलता की तपस्याएं 1 से 20 तक की लड़ी में 10 व 18 बाकी हैं। 30 से 36 तक की लड़ी कंप्लीट हैं। 41, 51, 61, 71, 121, 142, 151, 161 की दीर्घ तपस्या पूर्ण कर चुकी हैं। जीवन पर्यन्त चौविहार के अलावा 11 द्रव्यों के प्रत्याख्यान हैं, लेकिन 5-6 द्रव्यों तक सीमित है। जमीकंद के अलावा चाय, पापड़ के आजीवन प्रत्याख्यान हैं।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
1
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

You cannot copy content of this page