केंद्र सरकार ने महावीर जयंती की छुट्टी 4 अप्रैल की घोषित कर रखी है, जबकि जैन आगम के अनुसार यह तीन अप्रैल को है। इसलिए विभिन्न संगठनों ने छुट्टी की तिथि में संशोधन की मांग की है। पढ़िए यह रिपोर्ट…
इंदौर। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का जन्म जैन इतिहास एवं आगम के अनुसार 2549 वर्ष पूर्व चैत्र शुक्ल त्रयोदशी को हुआ था, इस उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष विश्व भर में जैन धर्मावलंबी चैत्र माह की त्रयोदशी को भगवान महावीर की जन्म जयंती मनाते हैं और केंद्र सरकार द्वारा महावीर जयंती का अवकाश भी घोषित रहता है। जैन एवं अन्य पंचांग के अनुसार चैत्र शुक्ल त्रयोदशी इस वर्ष 3 अप्रैल को है लेकिन सरकार द्वारा महावीर जयंती का अवकाश 4 अप्रैल को घोषित किया गया है, जो कि सही नहीं है।
संतों ने भी माना 3 अप्रैल को जयंती
दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के मंत्री डॉ.जैनेंद्र जैन ने बताया कि आचार्य श्री विद्यासागरजी, विशुद्धसागरजी एवं मुनिश्री सुधासागरजी, मुनि श्री प्रमाण सागर जी आदि संतों के अनुसार भी त्रयोदशी 3 अप्रैल को ही होने से इसी दिन महावीर जयंती मनाई जाना चाहिए। अतः केंद्र शासन पूर्व घोषित महावीर जयंती अवकाश 4 अप्रैल के आदेश में संशोधन कर सोमवार 3 अप्रैल को महावीर जयंती का अवकाश घोषित करे।
ऐसा करने से शासन के अवकाशों की सूची में कोई बढ़ोतरी भी नहीं होगी और ना ही किसी अन्य प्रकार की समस्या उत्पन्न होगी। हाल ही में गुजरात एवं कर्नाटक सरकार भी 4 अप्रैल के अवकाश आदेश में संशोधन कर 3 अप्रैल को महावीर जयंती का अवकाश घोषित कर चुकी है।













Add Comment