जैन विधायकों से आशा की जाती है की वो देश व प्रदेश में जहां कहीं यदि जैन संतों व जैन संस्कृति पर कुठाराघात होता है तो वे सबको साथ लेकर तत्काल सकारात्मक रुख दिखाते हुए समुदाय का साथ दें। साथ ही जैन समुदाय में जो लोग आर्थिक दृष्टि से कमजोर हैं उन तक, जरुरतमंद व्यक्तियों के लिए बनीं सरकारी योजनाएं भी बिना भेदभाव पहुंचें ऐसा प्रयास करें । पढ़िए जिनेन्द्र जैन की रिपोर्ट
जयपुर l हाल ही में संपन्न चार राज्यों के विधानसभा चुनावों में-से तीन राज्यों राजस्थान,मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ में जैन समाज के 20 विधायक विजयी हुए हैं। इससे सकल जैन समुदाय में काफी उत्साह है और आगामी लोकसभा चुनाव में उम्मीद बढ़ गई हैं। इस अवसर पर राजस्थान समग्र जैन युवा परिषद् के संरक्षक अशोक बांठिया और अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन ने बताया कि कई बार जैन समुदाय की संस्कृति एवं साधु-साध्वियों तथा मंदिरों-तीर्थों व जैन धर्म से जुड़े स्थानों और संस्थानों पर प्रत्यक्ष एवं परोक्ष प्रहार होते देखे गये हैं। कई बार जैन समुदाय की वाजिब मांग की अनदेखी की जाती है। ऐसे में शासन और प्रशासन के शीर्ष नेतृत्व तक सही तरीके से अपनी न्यायोचित बात पहुँचाने के लिए सरकार में जैन समुदाय का उचित प्रतिनिधित्व होना अति आवश्यक है।
आर्थिक दृष्टि से कमजोर आबादी को सहयोग करें
वरिष्ठ समाज सेवी राधेश्याम जैन ने बताया कि जैन विधायकों से जैन समुदाय को बहुत सारी उम्मीदें हैं। इनमें जैन संतों के सुरक्षित विहार एवं प्राचीन और नवीन जैन धरोहर की सुरक्षा तथा इतिहास व साहित्य में जैन धर्म व समुदाय के योगदान का समुचित समावेश को सुनिश्चित करना आदि प्रमुख हैं। जैन समुदाय में भी आर्थिक दृष्टि से कमजोर आबादी है। जरुरतमंद व्यक्तियों के लिए बनीं सरकारी योजनाएं उन तक भी बिना भेदभाव पहुंचें, यह भी सुनिश्चित करना जरूरी है। विधायक समुदाय और सरकार के बीच सेतु का काम कर सकते हैं।
विगत कुछ वर्षों में देश के किसी न किसी हिस्से से जैन तीर्थों पर अतिक्रमण और छेड़छाड़ की खबरें पढ़ने-सुनने में आ रही हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी के साथ ऐसा कतई नहीं होना चाहिये। ऐसी घटनाएँ शून्य होनी चाहिये। देश व प्रदेश में जहां कहीं यदि जैन संतों व जैन संस्कृति पर कुठाराघात होता है तो जैन विधायकों से आशा की जाती है कि वे सबको साथ लेकर तत्काल सकारात्मक रुख दिखाते हुए समुदाय का साथ दें।
वीराग वाणी के सदस्य सुरेन्द्र जैन लालसोट ने उम्मीद जताई कि जैन विधायक अपने सार्वजनिक जीवन में अहिंसक मूल्यों को बढ़ावा देते हुए जनता और देश की सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करेंगे।













Add Comment