जीव दया के तहत ज्ञानतीर्थ जैन मंदिर में रविवार को पक्षियों के दाना पानी हेतु चबूतरे का उद्घाटन होने जा रहा है। रविवार को पुरुष एवं युवा वर्ग चौका लगाकर आचार्य संघ को आहार देंगे। सबसे बड़ी बात यह है कि पुरुष युवा वर्ग ही साधुओं के आहार के लिए रसोई (भोजन) तैयार करेगा। पढ़िए मनोज नायक की रिपोर्ट…
मुरैना। जीव दया के तहत ज्ञानतीर्थ जैन मंदिर में रविवार को पक्षियों के दाना पानी हेतु चबूतरे का उद्घाटन होने जा रहा है। ज्ञानज्ञेय वर्षायोग समिति के महामंत्री जिनेश जैन कालू ने बताया कि ए बी रोड हाइवे पर स्थित श्री दिगम्बर जैन ज्ञानतीर्थ क्षेत्र जैन मंदिर में दिगंबराचार्य सराकोद्धारक जैन संत ज्ञानसागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य सप्तम पट्टाचार्य श्री ज्ञेयसागर जी महाराज का वर्षायोग विभिन्न धार्मिक आयोजनों के साथ चल रहा है।
पूज्य गुरुदेव ज्ञेयसागर जी महाराज के पावन आशीर्वाद एवं प्रेरणा से जीव दया कार्यक्रम के तहत ज्ञानतीर्थ प्रांगण में एक स्थान निश्चित किया गया है। उस स्थान विशेष पर एक चबूतरे का निर्माण किया गया है। उसमें पक्षियों के लिए दाना-पानी रखकर भोजन की व्यवस्था की जाएगी। पक्षियों की सुरक्षा हेतु चारों ओर जाली लगाई जाएगी। इस योजना का उद्घाटन रविवार 23 जुलाई को प्रातः 9 बजे किया जायेगा।
आहारचर्या कराएगा पुरुष वर्ग
रविवार 23 जुलाई को प्रातः अभिषेक, शांतिधारा, पूजन, प्रवचन के पश्चात उक्त योजना का शुभारंभ होगा। तत्पश्चात आहारचर्या होगी। रविवार की आहारचर्या की खास बात यह है कि रविवार को पुरुष एवं युवा वर्ग चौका लगाकर आचार्य संघ को आहार देंगे। सबसे बड़ी बात यह है कि पुरुष युवा वर्ग ही साधुओं के आहार के लिए रसोई (भोजन) तैयार करेगा और पुरुष ही साधुओं को आहार कराएंगे।













Add Comment