श्रमण संस्कृति के गौरव, आध्यात्मिक चेतना और कालबोध की वैज्ञानिक परंपरा को समर्पित ‘गुरु पुष्कर देवेंद्र जैन कैलेंडर 2026’ का लोकार्पण रविवार को चंडीगढ़ स्थित राजभवन (लोक भवन) में हुआ। इस विशिष्ट जैन कैलेंडर का प्रकाशन तारक गुरु जैन ग्रंथालय, उदयपुर ने किया है। उदयपुर से पढ़िए, यह खबर…
उदयपुर। श्रमण संस्कृति के गौरव, आध्यात्मिक चेतना और कालबोध की वैज्ञानिक परंपरा को समर्पित ‘गुरु पुष्कर देवेंद्र जैन कैलेंडर 2026’ का लोकार्पण रविवार को चंडीगढ़ स्थित राजभवन (लोक भवन) में गरिमामय वातावरण में हुआ। इस विशिष्ट जैन कैलेंडर का प्रकाशन तारक गुरु जैन ग्रंथालय, उदयपुर द्वारा किया गया। जिसका लोकार्पण श्रमण संघीय सलाहकार दिनेश मुनि महाराज, डॉ. द्वीपेंद्र मुनि महाराज एवं डॉ. पुष्पेंद्र मुनि महाराज के सान्निध्य में पंजाब के राज्यपाल चंडीगढ़ प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने किया। राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने श्री तारक गुरु जैन ग्रंथालय के इस प्रयास की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रकाशन केवल धार्मिक उपयोग तक सीमित नहीं रहते, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उपाध्याय पुष्कर मुनि और आचार्य देवेंद्र मुनि जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने की यह पहल अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि संस्कृति, संस्कार और समय-चेतना—इन तीनों का संतुलन ही समाज को सुदृढ़ बनाता है। इस अवसर पर सलाहकार दिनेश मुनि ने कहा कि काल की शुद्ध गणना, संयमित जीवन और पर्वों का अनुशासित पालन ही जैन जीवनशैली की आत्मा है और यह कैलेंडर उसी अनुशासन का सशक्त माध्यम है।

सांस्कृतिक और वैज्ञानिक मार्गदर्शिका है
समारोह में डॉ. द्वीपेंद्र मुनि महाराज ने कैलेंडर की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह प्रकाशन केवल तिथियों का संकलन नहीं, बल्कि जैन श्रावक-श्राविकाओं के लिए एक संपूर्ण धार्मिक, सांस्कृतिक और वैज्ञानिक मार्गदर्शिका है। कैलेंडर में भगवान महावीर निर्वाण संवत, विक्रम संवत, शक संवत आदि के साथ ही दैनिक तिथि, जैन पंचकल्याणक पर्व, श्रमण संघ पर्व, लौकिक एवं राष्ट्रीय पर्व की तिथियों आदि की जानकारी है। पाक्षिक पक्खी पर्व, पच्चखान मार्गदर्शिका सहित विभिन्न जानकारी समाहित है।
बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे
इस अवसर पर शिवकुमार बागरेचा, मुकेश सांड (जैन) सहित अनेक गणमान्य अतिथि, श्रावक-श्राविकाएं एवं सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने इस उपयोगी, तथ्यपरक और आध्यात्मिक दृष्टि से समृद्ध कैलेंडर के प्रकाशन पर हर्ष व्यक्त किया तथा इसे समाज के लिए मार्गदर्शक प्रकाश स्तंभ बताया।













Add Comment