समाचार

सेवा न्यास प्रतिभा सम्मान 28 को सोनागिर में : सोने की गिन्नी, लैपटॉप एवं पदकों से होगा 500 प्रतिभाओं का बहुमान


जैसवाल जैन समाज की होनहार प्रतिभाओं का महाकुंभ 28 दिसंबर को सोनागिर में आयोजित होने जा रहा है। सेवा न्यास परिवार द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में देशभर की लगभग 500 सजातीय प्रतिभाओं का बहुमान किया जाएगा। पढ़िए मनोज जैन नायक की रिपोर्ट…


मुरैना। जैसवाल जैन समाज की होनहार प्रतिभाओं का महाकुंभ 28 दिसंबर को सोनागिर में आयोजित होने जा रहा है। सेवा न्यास परिवार द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में देशभर की लगभग 500 सजातीय प्रतिभाओं का बहुमान किया जाएगा।

अखिल भारतीय दिगंबर जैसवाल जैन उपरोचियां सेवा न्यास के अध्यक्ष प्रदीप जैन पीएनसी, आगरा एवं कार्याध्यक्ष सीए कमलेश जैन, गुरुग्राम के मार्गदर्शन में प्रतिभा सम्मान समारोह के राष्ट्रीय संयोजक रविन्द्र जैन जमूसर, भोपाल, सुरेशचंद जैन (सा. एक्स.), रूपेश जैन दिल्ली अपनी टीम के साथ आयोजन को भव्य रूप देने के लिए सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

प्रतिभा सम्मान समारोह में देशभर से चयनित 500 से अधिक प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा। चयनित सर्वश्रेष्ठ 10 प्रतिभाओं को सोने की गिन्नी, तीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को लैपटॉप एवं सोने की गिन्नी प्रदान की जाएगी। अन्य सभी प्रतिभाओं को स्वर्ण एवं रजत पदक, स्मृति चिन्ह, बैग, पेन, डायरी, बहुरंगी परिचय स्मारिका, छल्ला, कैलेंडर एवं अन्य उपहारों से सम्मानित किया जाएगा।

प्रतिभा सम्मान के अंतर्गत कक्षा 10 एवं 12 में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी, किसी भी प्रांत की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले, वर्ष 2024 में सीए, सीएस अथवा आईसीडब्ल्यूए उत्तीर्ण करने वाले, आईआईटी, क्लैट, आईआईएम, जीमैट अथवा मेडिकल परीक्षाओं के माध्यम से प्रवेश पाने वाले, किसी भी स्नातक या स्नातकोत्तर डिग्री में विशेष योग्यता प्राप्त करने वाले, राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक प्रशासनिक अथवा शासकीय सेवाओं में चयनित, मेडिकल कॉलेज में पीजी में चयनित, खेल, शिक्षा अथवा अन्य किसी क्षेत्र में राष्ट्रीय या प्रादेशिक स्तर पर उपलब्धि या सम्मान प्राप्त करने वाली सभी प्रतिभाओं को इस भव्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

सम्मान के लिए चयनित प्रतिभाशाली विद्यार्थियों एवं उनके साथ आने वाले एक अभिभावक को रेलवे शयनयान श्रेणी का यात्रा व्यय भी प्रदान किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों के आवास एवं भोजन की समस्त व्यवस्थाएं आयोजन समिति द्वारा की जाएंगी।

सेवा न्यास के मीडिया प्रभारी मनोज जैन नायक के अनुसार 27 दिसंबर, शनिवार सायंकाल सामूहिक महाआरती तथा 28 दिसंबर, रविवार प्रातः मूलनायक चंद्रप्रभु भगवान का सामूहिक महास्तकाभिषेक आयोजित किया जाएगा। समारोह में राज्यसभा सांसद नवीन जैन, सुप्रसिद्ध उद्योगपति प्रदीप जैन पीएनसी आगरा, सुरेशचंद जैन महक ग्रुप दिल्ली, सेवानिवृत्त डीजी पवन जैन भोपाल, सुनील जैन इंडियन वूमेन सूरत सहित समस्त न्यासीगण, सैकड़ों उद्योगपति, डॉक्टर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, अधिवक्ता, पत्रकार, बुद्धिजीवी तथा हजारों की संख्या में श्रावक श्रेष्ठी एवं साधर्मी बंधु उपस्थित रहेंगे।

प्रतिभा सम्मान के क्षेत्रीय संयोजक बालचंद जैन (मंत्री, सोनागिर कमेटी), डॉ. ओमप्रकाश जैन मुरार एवं अनुराग जैन लश्कर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार समारोह में देशभर से बड़ी संख्या में साधर्मी बंधु, प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं एवं उनके अभिभावक सम्मिलित होंगे। आयोजन समिति द्वारा सभी आगंतुकों के लिए परिवहन, आवास, स्वल्पाहार एवं भोजन की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। दतिया एवं सोनागिर रेलवे स्टेशन से सोनागिर जी तक आवागमन हेतु वाहनों की भी व्यवस्था की गई है।

सेवा न्यास परिवार एवं प्रतिभा सम्मान टीम ने सभी न्यासियों, चयनित छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों एवं समस्त सजातीय बंधुओं से समारोह में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
8
+1
0
+1
1
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page