कुण्डलपुर सिद्धक्षेत्र में 21 अक्टूबर 2025 को भगवान महावीर स्वामी जी का मोक्षकल्याणक महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा, जिसमें निर्वाण लड्डू अर्पण, भक्तामर विधान, दीपोत्सव और भजन संध्या जैसे विविध धार्मिक आयोजन होंगे। पढ़िए पूरी रिपोर्ट…
कुण्डलपुर दमोह। सुप्रसिद्ध सिद्धक्षेत्र कुण्डलपुर में जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान श्री महावीर स्वामी जी का मोक्षकल्याणक महोत्सव 21 अक्टूबर 2025 को परम हर्ष और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। पूज्य बड़े बाबा की अतिशय स्थली एवं आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की तपोस्थली को इस पावन अवसर पर विशेष रूप से सजाया और आलोकित कर भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है।
विद्यानिधि आचार्य श्री समयसागर जी महाराज के मंगल आशीर्वाद से इस अवसर पर प्रातः भक्तामर महामंडल विधान, पूज्य बड़े बाबा का अभिषेक, शांतिधारा एवं संगीतमय महावीर पूजन सहित विविध धार्मिक विधानों का आयोजन होगा। श्रद्धालु भक्तों द्वारा प्रभु चरणों में अत्यंत भावपूर्ण भक्ति के साथ निर्वाण लड्डू अर्पित किए जाएंगे।
सायंकाल भक्तामर दीप अर्चना एवं पूज्य बड़े बाबा की संगीतमय महाआरती भक्तिमय वातावरण में संपन्न होगी। प्रचारमंत्री जयकुमार जैन जलज एवं धार्मिक आयोजन मंत्री अजय जैन निरमा ने बताया कि 20 अक्टूबर को मानस्तंभ परिसर में दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा जिसमें बुंदेली जैन भजन गायक जितेंद्र जैन ‘जित्तू भैया टड़ा’ की मनमोहक भक्ति प्रस्तुति होगी।
कुंडलपुर क्षेत्र कमेटी के अध्यक्ष चंद्रकुमार सराफ, महामंत्री इंजीनियर आर.के. जैन सहित समस्त पदाधिकारी एवं सदस्यगणों ने देशभर के श्रद्धालुओं से कुण्डलपुर पधारकर धर्मलाभ प्राप्त करने का विनम्र आग्रह किया है।













Add Comment