भगवान ऋषभदेव के जन्म और दीक्षा कल्याणक पर राजस्थान के विद्यालयों में कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इसके निर्देश निदेशालय ने जारी किए। इसमें चार्ट बनाने, रंग-रोगन करने, पोस्टर बनाने, निबंध प्रतियोगिताएं रखी गई है। राजस्थान के सकल जैन समाज ने सरकार का आभार जताया है। पढ़िए जयपुर से जितेन्द्र जैन की यह खबर…
जयपुर। भगवान ऋषभदेव के जन्म और दीक्षा कल्याणक के उपलक्ष्य में राजस्थान के विद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करवाने के लिए निदेशालय ने निर्देश जारी किए। इसमें चार्ट बनाने, रंग-रोगन करने, पोस्टर बनाने, निबंध प्रतियोगिता के अलावा अन्य कई प्रतियोगिताएं रखी जाएंगी। शिक्षा विभाग की इस अभिनव पहल से जैन समुदाय में हर्ष का माहौल है। जैन समाज ने मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव, शिक्षा शासन उप सचिव, निदेशालय शिक्षा विभाग का आभार जताया है। इस अवसर पर राष्ट्रीय अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थान आयोग नई दिल्ली के पूर्व अध्यक्ष एवं युवा परिषद् के संरक्षक न्यायाधीश डॉ. नरेंद्र कुमार जैन ने बताया कि ऋषभ नवमी के पूर्व विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन से बच्चों को एक साथ आने और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। जिससे उनके सामाजिक संबंध मजबूत होंगे।
अगर विद्यालय प्रशासन द्वारा उस विद्यालय के पास रहने वाले अल्पसंख्यक वर्ग के जैन समुदाय के समाज श्रेष्ठियों को भी शामिल किया जाता है तो विद्यालय प्रशासन और जैन समुदाय के बीच मधुर संबंध स्थापित होंगे। इन प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में खुशी का माहौल बनेगा। जिससे उन्हें खुशी मिलेगी और वे अध्ययन के प्रति अधिक उत्साहित होंगे तथा उनमें छिपी एक विशिष्ट प्रतिभा को निखारने का भी अवसर इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से मिलेगा।
बच्चों के सामान्य ज्ञान में होगी वृद्धि
श्रमण डॉ. पुष्पेंद्र मुनि ने बताया कि ऋषभदेव भगवान के जन्म और दीक्षा कल्याणक महोत्सव पर शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन करवाने से बच्चों को जैन धर्म के इतिहास, संस्कृति और ऋषभदेव भगवान के व्यक्तित्व के बारे में जानकारी मिलेगी। जिससे उनके सामान्य ज्ञान में वृद्धि होगी। उनमें ईमानदारी, सच्चाई, अहिंसा, अपरिग्रह, त्याग, सेवा भावना जैसे मूल्यों का विकास होगा। प्रारंभिक एवं माध्यमिक स्तर की शिक्षा ग्रहण करने वाले विद्यार्थियों को देवाधिदेव ऋषभदेव भगवान के व्यक्तित्व से प्रेरणा मिलेगी। वे भी देश और समुदाय के लिए कुछ अच्छा करने को प्रेरित होंगे।
जानकारी के लिए संपर्क कर सकते हैं
राजस्थान समग्र जैन युवा परिषद् के अध्यक्ष जिनेंद्र जैन ने बताया कि किसी भी विद्यालय को जैन धर्म के प्रवर्तक भगवान ऋषभदेव से संबंधित किसी भी प्रकार की कोई जानकारी चाहिए तो वे 7877735999, 9001940605, 7976094913 पर संपर्क करें या rsjyp21@gmail.com पर मेल कर प्राप्त कर सकते हैं।
राजस्थान की जनता भी जाने भगवान ऋषभदेव का व्यक्तित्व
संरक्षक अशोक बांठिया ने राजस्थान के सभी विद्यालयों के संस्था प्रधानों और अल्पसंख्यक वर्ग के सभी संगठनों से अनुरोध किया कि वे ऋषभदेव भगवान के जन्म एवं दीक्षा कल्याणक महोत्सव के अवसर पर शिक्षा विभाग की ओर से शुरू की गई इस पहल में अपनायोगदान देकर इन प्रतियोगिताओं को सार्थक बनाएं। इससे इन प्रतियोगिताओं का लाभ विद्यार्थियों को मिल सके। साथ ही विद्यालयों द्वारा आयोजित की जा रही प्रतियोगिताओं की जानकारी प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, वेब मीडिया के साथ साझा करें। जिससे राजस्थान की जनता को भी देवाधिदेव ऋषभदेव भगवान के विराट व्यक्तित्व के बारे में जानकारी मिल सके।













Add Comment