प्रसिद्ध जैनाचार्य 108 श्री कामकुमार नन्दी जी महाराज की नृशंस हत्या के विरोध में जैन समाज रांची के एक प्रतिनिधि मंडल ने झारखंड के राज्यपाल सी.पी .राधाकृष्णन जी से राजभवन में मुलाकात की एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम एक ज्ञापन सौंपा। पढ़िए राकेश कासलीवाल की रिपोर्ट….
रांची। प्रसिद्ध जैनाचार्य 108 श्री कामकुमार नन्दी जी महाराज की नृशंस हत्या के विरोध में जैन समाज रांची के एक प्रतिनिधि मंडल ने झारखंड के राज्यपाल सी.पी .राधाकृष्णन जी से राजभवन में मुलाकात की एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम एक ज्ञापन सौंपा। राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता पूर्वक सुना एवं खेद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एक जैन संत की इस तरह हत्या अत्यंत दुःखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। ज्ञातव्य है कि कर्नाटक के चिक्कोडी जिले के हीरेखोड़ी ग्रामीण क्षेत्र में बीते 5 जुलाई को कुछ अपराधियों ने पूज्य मुनि 108 कामकुमार नन्दी जी महाराज के आश्रम में घुसकर मारपीट की व विद्युत करेंट लगाकर भीषण यातनाएं दी और फिर क्रूरतापूर्वक उनके शरीर के टुकड़े कर के बर्बरता की सारी सीमाएं लांघ दीं।

दोषियों को कठोर दंड की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल महोदय के माध्यम से प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि दोषियों को कठोर से कठोर दंड दिया जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पूर्णरावृति न हो। राज्यपाल ने कहा कि इस विषय पर वे स्वयं प्रधानमंत्री एवं कर्नाटक के मुख्यमंत्री से उचित कार्यवाही हेतु निवेदन करेंगे। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने राज्यपाल महोदय को शॉल ओढाकर एवं जैन शास्त्र देकर सम्मानित किया। प्रतिनिधि मंडल में अध्यक्ष नरेन्द्र गंगवाल, उपाध्यक्ष प्रदीप बाकलीवाल, मंत्री पंकज पांड्या, पूर्व अध्यक्ष नरेन्द्र पांड्या एवं कार्यकारिणी सदस्य संजय पापड़ीवाल थे।














Add Comment