समाचार

बिना बोली लगाए गुरु भक्तों ने की मंगल कलश स्थापना : कलश साधु और श्रावक के बीच सेतु का काम करता है – आचार्य विनिश्चयसागर


चातुर्मास में कलश वह माध्यम है, जिससे श्रावक अपने आपको चातुर्मास से जुड़ा हुआ महसूस करता है। यह विचार आचार्य श्रीविनिश्चयसागर जी महाराज ने चातुर्मास कलश स्थापना समारोह के अवसर ऋषभ सत्संग भवन बताशा बाजार भिण्ड में धर्मसभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। पढ़िए मनोज नायक की रिपोर्ट…


भिण्ड। चातुर्मास कलश रखना या स्थापित करना कोई आगम सम्मत व्यवस्था नहीं हैं, कोई प्राचीन व्यवस्था नहीं हैं। यह तो एक वर्तमान की व्यवस्था है जो हमारे आचार्य श्री महावीर कीर्ति से शुरू हुई थी। जिसके पीछे आचार्य श्री की भावना यह थी कि चतुर्मास तो साधु करता है लेकिन साधु के साथ-साथ श्रावक को भी उससे लाभ होना चाहिए। चातुर्मास में कलश वह माध्यम है, जिससे श्रावक अपने आपको चातुर्मास से जुड़ा हुआ महसूस करता है। यह विचार आचार्य श्रीविनिश्चयसागर जी महाराज ने चातुर्मास कलश स्थापना समारोह के अवसर ऋषभ सत्संग भवन, बताशा बाजार, भिण्ड में धर्मसभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

व्यक्ति और समाज को पिरोता है एक सूत्र में

आचार्य ने चातुर्मास का महत्व बताते हुए कहा कि जैन धर्म में चातुर्मास का सामाजिक और धार्मिक महत्व तो है ही, व्यक्ति और समाज को एक सूत्र में पिरोने का भागीरथ प्रयत्न भी है। चातुर्मास एक परिभाषिक शब्द है। वर्षाकाल के चार माह साधु-साध्वियां संकल्प पूर्वक एक ही स्थान पर रुककर स्वयं तो आत्मकल्याण हेतु साधना करते ही हैं, साथ ही श्रावकों को भी धर्म साधना हेतु प्रेरित करते हैं। चातुर्मास का मूल ध्येय जीव दया अहिंसा धर्म का पालन करना होता है। वर्षाकाल में जीवोत्पत्ति विशेष रूप से असीमित संख्या में होती है। बरसात की वजह से भूमि में दबे हुए असंख्यात जीव बाहर आ जाते हैं, जिससे पद विहार में अत्यधिक जीव हिंसा की आशंका रहती है। जैन शास्त्रों में भी स्पष्ट निर्देश हैं कि वर्षाकाल के चार माह तक साधु-साध्वियों को अन्यत्र कहीं भी विहार न करते हुए संकल्प पूर्वक एक ही स्थान पर रुककर धर्म साधना करना चाहिए। पूज्य गुरुदेव आचार्य श्री विनिश्चय सागर महाराज के संघस्थ मुनिश्री नेमीसागर महाराज, मुनिश्री प्रांजुलसागर महाराज, मुनिश्री प्रवीरसागर महाराज, मुनिश्री प्रत्यक्षसागर महाराज, मुनिश्री प्रज्ञानसागर महाराज, मुनिश्री अनंगसागर महाराज, मुनिश्री प्रसिद्धसागर महाराज, क्षुल्लक श्री प्रमेशसागर महाराज भी चातुर्मासरत रहेंगे।

मंगल कलश स्थापना समारोह

श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन चैत्यालय, बताशा बाजार भिण्ड में मंगलाचरण के साथ वर्षायोग मंगल कलश स्थापना समारोह का शुभारंभ हुआ। बाहर से आए हुए अथितियों द्वारा चित्र अनावरण एवं दीप प्रज्वलित किया गया। समारोह के दौरान प्रथम कलश धर्मेन्द्र कुमार जैन, नवीन जैन, हैप्पी जैन (भिण्ड वाले) भजनपुरा दिल्ली, द्वितीय कलश राकेश कुमार, रोचिम जैन ललितपुर, तृतीय कलश सुनील कुमार जैन (मोनू) बरायठा सागर को स्थापित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।पूज्य आचार्य श्री का पाद प्रक्षालन परम मुनिभक्त राजेंद्रकुमार, प्राशु ऋषि जैन रायपुर एवं त्रलोकचंद, मंजू जैन विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश) ने किया। ज्ञान दान के रूप में शास्त्र भेंट करने का सौभाग्य संजय जैन, ज्योति जैन काला कोलकाता एवं संदीप जैन राजू आयुषी जैन खंडवा को प्राप्त हुआ। गुरुभक्तों ने बिना बोली लगाए कलश स्थापना की। इस पावन अवसर पर मुरैना, ग्वालियर, मुरार, लश्कर, मेहगांव, मालनपुर, करनाल, कोलकाता, खंडवा, टीकमगढ़, ललितपुर, सागर, दरगुवा, दिल्ली, गाजियाबाद, अंबाह, पोरसा, गोरमी दिल्ली, झांसी सहित सम्पूर्ण भारत वर्ष से सैकड़ों की संख्या में गुरुभक्त उपस्थित थे।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
2
+1
0
+1
1
Shreephal Jain News

You cannot copy content of this page