मुरैना में आचार्य श्री 108 उदारसागर जी महाराज ससंघ का वर्षायोग 25 जुलाई से प्रारंभ होगा। भव्य नगर प्रवेश, शोभायात्रा तथा चार माह तक चलने वाले धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर समाज में उत्साह का वातावरण है। पढ़िए श्रीफल साथी मनोज जैन नायक की यह रिपोर्ट।
मुरैना। श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती बड़ा मंदिर, मुरैना में इस वर्ष परम पूज्य आचार्य श्री 108 उदारसागर जी महाराज ससंघ का वर्षायोग संपन्न होगा। 25 जुलाई को उनका भव्य नगर प्रवेश आयोजित किया जाएगा। समाजजन इस ऐतिहासिक अवसर की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
लगातार तीसरे वर्ष वर्षायोग का सौभाग्य
मंदिर समिति के अनुसार वर्ष 2024 में युगल मुनिश्री प्रशंसानंद जी महाराज तथा वर्ष 2025 में मुनिश्री विलोकसागर जी एवं मुनिश्री विवोधसागर जी महाराज का वर्षायोग बड़े जैन मंदिर में संपन्न हुआ था। इस वर्ष आचार्य श्री उदारसागर जी महाराज ससंघ का वर्षायोग मुरैना समाज के लिए विशेष आध्यात्मिक उपलब्धि माना जा रहा है।
25 जुलाई को होगा भव्य मंगल प्रवेश
आचार्य श्री उदारसागर जी महाराज अपने संघ के साथ पदविहार करते हुए मुरैना पहुँच रहे हैं। वर्तमान में संघ में आचार्य श्री उदारसागर जी महाराज, मुनिश्री उपशांतसागर जी, ऐलक श्री उत्साहसागर जी एवं क्षुल्लक श्री उपकारसागर जी (कुल चार पिच्छिकाएँ) विराजमान हैं। समाजजन वैरियर पहुँचकर पादप्रक्षालन एवं श्रीफल भेंटकर उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद गाजे-बाजे एवं भव्य शोभायात्रा के साथ नगर भ्रमण कराते हुए संघ का बड़े जैन मंदिर में मंगल प्रवेश कराया जाएगा।
चार माह तक होंगे धर्म एवं साधना के कार्यक्रम
आचार्य श्री के वर्षायोग के दौरान प्रतिदिन प्रवचन, स्वाध्याय, धर्मचर्चा एवं विविध धार्मिक आयोजन होंगे। समाज को संयम, सदाचार और आत्मकल्याण का मार्गदर्शन प्राप्त होगा, जिससे मुरैना का वातावरण चार माह तक धर्ममय बना रहेगा।
व्यवस्थाओं के लिए समितियों का गठन
श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती बड़ा मंदिर समिति के मंत्री विनोद जैन ने बताया कि समाज की आम पंचायत में वर्षायोग की व्यवस्थाओं हेतु मुख्य संयोजक राजेंद्र जैन (दयेरी वाले) तथा संयोजक रविंद्र जैन भंडारी (खड़ियाहार वाले), अनिल जैन नायक (गढ़ी वाले) एवं मनीष जैन (वंदना साड़ी) को मनोनीत किया गया है। सभी समितियाँ आयोजन को सफल बनाने में जुटी हैं।
धर्मप्रभावना का बनेगा केंद्र
समाजजनों ने विश्वास व्यक्त किया कि आचार्य श्री के पावन सान्निध्य में मुरैना धर्म, संयम और आध्यात्मिक साधना का प्रमुख केंद्र बनेगा। वर्षायोग के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु धर्मलाभ प्राप्त करेंगे।













Add Comment