समाचार

भगवान मुनिसुव्रतनाथ की प्रतिमा की अगवानी की तैयारियां जोरों पर : दानवीर अशोक पाटनी को सौंपा गया आमंत्रण


सुखोदय तीर्थ नसियाजी, नौगामा में भगवान मुनिसुव्रतनाथ की प्रतिमा स्थापना महोत्सव की तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं। समाज की ओर से देशभर में आमंत्रण भेजे जा रहे हैं तथा दानवीर अशोक पाटनी को भी औपचारिक निमंत्रण प्रदान किया गया। पढ़िए श्रीफल साथी सुरेश चंद्र गांधी की यह रिपोर्ट।


नौगामा (बांसवाड़ा)। सुखोदय तीर्थ नसियाजी के नवनिर्मित जिनालय में भगवान मुनिसुव्रतनाथ की श्यामवर्ण प्रतिमा स्थापना महोत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। संपूर्ण नौगामा नगर को तोरणद्वार, पंचरंगी ध्वज एवं आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया जा रहा है। जैन समाज में आयोजन को लेकर उत्साह का वातावरण है।

प्रतिमा स्थापना की तैयारियां तेज

समाज प्रवक्ता सुरेश चंद्र गांधी ने बताया कि परम पूज्य मुनि श्री सुधासागर जी महाराज के मंगल आशीर्वाद से प्रतिमा का तिलक संस्कार सम्पन्न होने के बाद प्रतिष्ठाचार्य सुयश प्रदीप भैया (अशोकनगर) के मंत्रोच्चार के साथ प्रतिमा को नव-निर्मित वेदी पर विधि-विधान से विराजमान कराया जाएगा।

दानवीर अशोक पाटनी को दिया निमंत्रण

नौगामा जैन समाज के प्रतिनिधियों ने किशनगढ़ पहुंचकर आरके मार्बल परिवार के दानवीर अशोक जी पाटनी को प्रतिमा स्थापना महोत्सव में सम्मिलित होने का औपचारिक निमंत्रण प्रदान किया। समाज ने आयोजन में उनकी सहभागिता की अपेक्षा व्यक्त की।

प्रशासन को भी भेजे गए आमंत्रण

आयोजन समिति द्वारा जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, डीवाईएसपी, तहसीलदार बागीदौरा सहित विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों को भी महोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रण पत्र सौंपे गए हैं।

भव्य शोभायात्रा होगी आकर्षण का केंद्र

जैन समाज अध्यक्ष विपुल पंचोली ने बताया कि प्रतिमा के नगर प्रवेश पर हाथी, बैंड-बाजों एवं धार्मिक ध्वजों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। महिलाएं केसरिया वेशभूषा, पुरुष श्वेत परिधान तथा बालिकाएं मंगल कलश धारण कर शोभायात्रा की शोभा बढ़ाएंगी।

मुनि श्री का मिलेगा मंगल आशीर्वाद

समाज अध्यक्ष विपुल पंचोली ने बताया कि प्रतिमा को नौगामा लाने से पूर्व परम पूज्य मुनि श्री सुधासागर जी महाराज के वर्तमान विहार स्थल पर ले जाकर उनका मंगल आशीर्वाद प्राप्त कराया जाएगा। इसके पश्चात प्रतिमा का भव्य नगर प्रवेश कराया जाएगा।

धार्मिक उत्साह का वातावरण

प्रतिमा स्थापना महोत्सव को लेकर संपूर्ण वागड़ क्षेत्र के जैन समाज में उत्साह का माहौल है। देशभर से श्रद्धालुओं के आगमन की तैयारियां की जा रही हैं, जिससे यह आयोजन क्षेत्र का ऐतिहासिक धार्मिक उत्सव बनने जा रहा है।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
1
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page