समाचार

जैन मंदिरों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश : 250 वर्ष पुरानी मूर्तियां बरामद, पांच आरोपी गिरफ्तार, लाखों रुपये का चोरी गया सामान जब्त; समाज ने पुलिस का जताया आभार


पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए पांच सदस्यीय शातिर चोर गिरोह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से जैन मंदिरों से चोरी की गई लगभग 250 वर्ष पुरानी अष्टधातु की दो प्राचीन मूर्तियां, चांदी के 17 छत्र, दो चांदी के आसन, चार मुकुट सहित लाखों रुपये का सामान बरामद किया गया है। नरसिंहपुर से पढ़िए, राजीव सिंघई की यह खबर…


नरसिंहपुर। जिले में पिछले कुछ महीनों से जैन मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों में हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए पांच सदस्यीय शातिर चोर गिरोह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से जैन मंदिरों से चोरी की गई लगभग 250 वर्ष पुरानी अष्टधातु की दो प्राचीन मूर्तियां, चांदी के 17 छत्र, दो चांदी के आसन, चार मुकुट सहित लाखों रुपये का सामान बरामद किया गया है। इस कार्रवाई से जिले के जैन समाज में हर्ष का माहौल है तथा समाजजनों ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

पुलिस के अनुसार बीते दो से तीन माह के दौरान ग्राम रामनिवारी, करकबेल एवं तेन्दूखेड़ा स्थित जैन मंदिरों सहित अन्य स्थानों पर चोरी की घटनाएं हुई थीं। धार्मिक आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में विशेष जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच, मुखबिर तंत्र एवं संदिग्ध गतिविधियों के विश्लेषण के आधार पर निगरानी बदमाश टिक्कू उर्फ टेकसिंह लडिया तक पुलिस पहुंची।

पूछताछ में टिक्कू ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। उसके बताए अनुसार पुलिस ने ज्ञानी प्रजापति, आशीष शर्मा, नितिन शर्मा तथा चोरी का माल खरीदने वाले चिन्टू उर्फ मुकेश सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया।

पांच चोरी की वारदातों का खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने करकबेल जैन मंदिर, रामनिवारी जैन मंदिर, तेन्दूखेड़ा जैन मंदिर, वैलहाई स्थित चाय-नाश्ते की दुकान तथा गोटेगांव-सतपुड़ा रोड क्षेत्र में एक मकान में हुई चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।

प्राचीन मूर्तियां सहित भारी मात्रा में सामान बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सघन सर्च अभियान चलाकर चोरी की गई सामग्री बरामद की। बरामद सामान में लगभग 250 वर्ष पुरानी अष्टधातु की दो मूर्तियां, चांदी के 17 छत्र, दो चांदी के आसन, एक चांदी का मुकुट, चार बैटरियां, तीन इनवर्टर, दो फ्रिज, चार एलईडी टीवी, दो डीवीआर, दो पंखे, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल एवं चार हजार रुपये नकद शामिल हैं।

तीन विशेष टीमों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

प्रकरण के शीघ्र खुलासे एवं चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी गोटेगांव मनीष त्रिपाठी के नेतृत्व में तीन विशेष टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने लगातार मेहनत कर आरोपियों को गिरफ्तार करने और चोरी गए सामान को बरामद करने में सफलता प्राप्त की।

समाज ने जताया आभार

जैन मंदिरों से चोरी हुई प्राचीन मूर्तियों और धार्मिक सामग्री की बरामदगी को लेकर जैन समाज के लोगों ने पुलिस प्रशासन की सराहना की है। समाजजनों ने कहा कि पुलिस की सक्रियता और गंभीर जांच के कारण धार्मिक आस्था से जुड़े इस महत्वपूर्ण मामले का सफल खुलासा हो सका है। इससे लोगों का कानून व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली पर विश्वास और मजबूत हुआ है।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page