“संतों का सम्मान हमारी संस्कृति की पहचान है।” अशोक नगर में जैन समाज ने साधु-संतों पर सोशल मीडिया पर की गई अमर्यादित टिप्पणियों के विरोध में कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। एसपी राजीव मिश्रा ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पढ़िए अशोक नगर से यह विशेष रिपोर्ट
अशोक नगर। साधु-संतों के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित अमर्यादित और घृणित टिप्पणियों को लेकर जैन समाज में भारी आक्रोश देखने को मिला। समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
एसपी ने दिया कार्रवाई का भरोसा
इस दौरान पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा ने जैन समाज को आश्वस्त करते हुए कहा कि संत किसी एक समाज के नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र की धरोहर होते हैं। उनके विरुद्ध अपमानजनक और अनर्गल बातें लिखना किसी भी सभ्य समाज के लिए स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और कुछ संदिग्धों तक जांच पहुंच चुकी है। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा तथा कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुनि पुंगव सुधासागर जी को बनाया गया निशाना
जैन समाज अध्यक्ष राकेश कासंल एवं महामंत्री राकेश अमरोद ने बताया कि संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के प्रमुख शिष्य मुनि पुंगव श्री सुधासागर जी महाराज को लक्ष्य बनाकर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया पर अभद्र और अमर्यादित टिप्पणियां की गई हैं।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में 3 जून को अशोक नगर थाने में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। समाज चाहता है कि जांच जल्द पूरी कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए।
समाज विरोधी तत्व चला रहे अभियान
महामंत्री राकेश अमरोद ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से समाज विरोधी तत्व संगठित तरीके से ऐसा माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से धार्मिक भावनाओं को आहत करने और समाजों के बीच वैमनस्य फैलाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ उदाहरण प्रस्तुत करने वाली कार्रवाई आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति संतों और धार्मिक आस्थाओं का अपमान करने का साहस न कर सके।
सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश का आरोप
जैन समाज के मंत्री विजय धुर्रा ने कहा कि पूरा मामला एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा प्रतीत होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी पहचान और सोशल मीडिया अकाउंट्स के माध्यम से सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि समाज पुलिस जांच पर भरोसा रखता है, लेकिन दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई भी चाहता है ताकि जिले का सामाजिक वातावरण दूषित न हो
सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाने की मांग
ज्ञापन में जैन समाज ने व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने की मांग की।
समाजजनों ने कहा कि संतों के सम्मान और धार्मिक सौहार्द की रक्षा के लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर जैन समाज अध्यक्ष राकेश कासंल, उपाध्यक्ष प्रदीप तारे, महामंत्री राकेश अमरोद, कोषाध्यक्ष सुनील अखाई, मंत्री शैलेन्द्र श्रागर, मंत्री विजय धुर्रा, सांसद प्रतिनिधि संजीव भारिल्य, मीडिया प्रभारी अरविंद कचनार, विनोद मोदी, हेमंत टडैया, नरेश जैन, सौरव बाझल, नीरज जैन, सुलभ अखाई, राहुल सिंघई सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।













Add Comment