महावीर जयंती के पावन उपलक्ष्य में नौगामा में भगवान महावीर स्वामी का जन्मोत्सव बड़े हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। प्रातःकाल आदिनाथ मंदिर, सुखोदय तीर्थ नसियाजी एवं भगवान महावीर समवशरण मंदिर में विशेष शांतिधारा एवं अभिषेक किया गया। पढ़िए सुरेश चंद्र गांधी की विशेष रिपोर्ट..
नौगामा। महावीर जयंती के पावन उपलक्ष्य में नौगामा में भगवान महावीर स्वामी का जन्मोत्सव बड़े हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। प्रातःकाल आदिनाथ मंदिर, सुखोदय तीर्थ नसियाजी एवं भगवान महावीर समवशरण मंदिर में विशेष शांतिधारा एवं अभिषेक किया गया।
अभिषेक एवं शोभायात्रा
अभिषेक के पश्चात भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा को विमान में विराजमान कर बैंड-बाजों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में पुरुष सफेद वस्त्रों में एवं महिलाएं केसरिया परिधान में शामिल हुईं। श्रद्धालुओं ने “भगवान महावीर स्वामी की जय” के जयघोष के साथ गरबा नृत्य किया। जैन पाठशाला के छात्र जैन धर्म ध्वज लहराते हुए शोभायात्रा में आगे-आगे चल रहे थे। यह शोभायात्रा नया बाजार मोहल्ला होते हुए भगवान महावीर समवशरण मंदिर पहुंची, जहां भक्ति भाव से नृत्य प्रस्तुत किया गया।
नगर भ्रमण एवं पुनः अभिषेक
शोभायात्रा नगर भ्रमण करते हुए पुनः सुखोदय तीर्थ नसियाजी पहुंची, जहां श्रीजी का अभिषेक किया गया। इस अवसर पर भगवान महावीर स्वामी की तस्वीर का अनावरण पिंडारमियां निवासी शशिकांत मोतीलाल कलिजरा द्वारा किया गया। अभिषेक के पश्चात वाद्य यंत्रों की मधुर स्वर लहरियों के बीच भगवान महावीर स्वामी की अष्टद्रव्य से पूजन की गई। यह पूजन विधानाचार्य रमेश चंद्र गांधी के सानिध्य में सम्पन्न हुआ।
सांस्कृतिक कार्यक्रम
मनीषा नानावटी एवं कुसुमलता नानावटी के निर्देशन में जैन पाठशाला के छात्रों द्वारा सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसमें भक्ति नृत्य एवं धार्मिक प्रस्तुतियां शामिल रहीं।
महाआरती एवं पालना झूलन
कार्यक्रम में महाआरती का लाभ पिंडरमिया राजेंद्र, प्रकाश कांतिलाल द्वारा प्राप्त किया गया। पालना झूलन का प्रथम सौभाग्य गीतांश, विपुल, संजय, रमेश चंद्र गांधी एवं दिनेश कांतिलाल को प्राप्त हुआ।
सम्मान एवं आभार
इस अवसर पर महिला मंडल द्वारा विधानाचार्य रमेश चंद्र गांधी का सम्मान किया गया। जैन समाज अध्यक्ष विपुल पंचोरी ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के उपरांत उपस्थित धर्मप्रेमी बंधुओं के लिए स्वादिष्ट स्नेहभोज का आयोजन किया गया।













Add Comment