समाचार

तीर्थ की रक्षा तुम करो, तीर्थ क्षेत्र तुम्हारी रक्षा करेंगे : मुनि श्री सुधासागरजी ने दर्शनोदय तीर्थ थूवोनजी में दी देशना


दर्शनोदय तीर्थ थूवोनजी में शुक्रवार को आयोजित धर्मसभा में मुनि श्री सुधासागरजी महाराज ने तीर्थों की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि तीर्थ क्षेत्र मानव जीवन के रक्षक होते हैं। थुवोन जी से राजीव सिंघई मोनू की यह खबर…


थुवोन जी। दर्शनोदय तीर्थ थूवोनजी में शुक्रवार को आयोजित धर्मसभा में मुनि श्री सुधासागरजी महाराज ने तीर्थों की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि तीर्थ क्षेत्र मानव जीवन के रक्षक होते हैं। जब भक्त संकट में होता है तो वही तीर्थ उसकी रक्षा करते हैं। चौथे काल की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि भगवान आदिनाथ के पुत्र भरत चक्रवर्ती स्वयं अयोध्या के जिनालयों में अभिषेक के साथ-साथ तीर्थों से गंधोदक लेकर अपने नगर की रक्षा भावना को स्थापित करते थे। इसलिए तीर्थों का निर्माण और संरक्षण आध्यात्मिक एवं सामाजिक सुरक्षा दोनों प्रदान करता है

16 नवंबर को होगा सिंहद्वार का शिलान्यास

तीर्थ क्षेत्र समिति के प्रचार मंत्री विजय धुर्रा ने बताया कि गुरुदेव की प्रेरणा से दर्शनोदय तीर्थ में भव्य पाषाण-निर्मित विशाल सिंहद्वार का निर्माण होने जा रहा है। इसका शिलान्यास 16 नवंबर को श्रावक श्रेष्ठी पद्मकुमार वाझल एवं सौरभकुमार वाझल परिवार द्वारा किया जाएगा। विजय धुर्रा ने बताया कि इस अवसर पर पंचमुखी रुद्राक्ष विशाल मंदिर, नन्दीश्वर दीप जिनालय, पांच और जिनालयों सहित गगन विहारी रचना का भी शिलान्यास प्रतिष्ठाचार्य प्रदीप भाई के कुशल निर्देशन में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परिकल्पना आने वाली पीढ़ियों के लिए सौभाग्य का कारण बनेगी।

पत्थर में फूल खिला दिए : कलेक्टर आदित्य सिंह

जिला कलेक्टर आदित्यसिंह दोपहर में दर्शनोदय तीर्थ पहुंचे और परम पूज्य गुरुदेव श्री सुधासागरजी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने क्षेत्र कमेटी की सराहना करते हुए कहा कि यह पूरा इलाका पथरीला था, लेकिन कमेटी ने अथक परिश्रम से इसमें हरियाली और सौंदर्य स्थापित कर पत्थरों में फूल खिला दिए। उन्होंने सभी से अपील की कि पर्यावरण संरक्षण हेतु हर व्यक्ति अपने माता-पिता की स्मृति में एक-एक पौधा अवश्य लगाए। कलेक्टर सिंह का थूवोनजी समिति द्वारा शॉल, श्रीफल, पगड़ी एवं मालाओं से आत्मीय स्वागत किया गया।

चौरासी की जैन समाज आपकी प्रतीक्षा कर रही है: पूर्व डीजीपी शांतकुमार

दिल्ली पुलिस के पूर्व डीजीपी शांत कुमार ने आज दर्शनोदय तीर्थ में पहुंचकर मुनि पुंगव श्री सुधासागरजी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि संपूर्ण चौरासी क्षेत्र खनियांधाना, बामौर, करवाया, रन्नौद, अकाझारी और गोला कोट से सैकड़ों भक्त गुरुदेव के दर्शनार्थ पहुंचे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गुरुदेव के आशीर्वाद से गोला कोट तीर्थ क्षेत्र का कायाकल्प हो रहा है। भक्तों की इस भावना को उन्होंने अद्भुत आध्यात्मिक एकता बताया।

मुनि श्री के प्रेरक उद्गार

धर्मसभा में मुनि श्री सुधासागरजी महाराज ने जीवन के मूलभूत संस्कारों पर प्रेरक संदेश देते हुए कहा कि हर व्यक्ति को सप्ताह में एक दिन उपवास अवश्य करना चाहिए। अमीर हो या राजा सभी को सेवा, श्रम और सादगी का अभ्यास सीखना चाहिए। अहंकार मनुष्य का सर्वनाश करता है, विनम्रता जीवन की शक्ति है। भीषण गर्मी में भी एक दिन साधकों जैसी वंदना अवश्य करनी चाहिए। उन्होंने पांडवों का उदाहरण देते हुए कहा कि कठिन समय में उन्हें भी नौकरी करनी पड़ी थी, इसलिए कोई भी कार्य छोटा नहीं होता।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page