मोक्ष सप्तमी के पावन पर्व पर इंदौर के जैन मंदिरों में भक्ति और समर्पण की अनूठी मिसाल देखी गई। वैभव नगर मंदिर में महिला मंडल ने लाडू निर्माण में हिस्सा लिया, वहीं जबरीबाग नसिया जी में मोक्ष कल्याणक पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हुए। पढ़िए हरिहर की रिपोर्ट…
इंदौर। मोक्ष सप्तमी के अवसर पर 23वें तीर्थंकर भगवान श्री पार्श्वनाथ के मोक्ष कल्याणक को इंदौर में जैन समाज ने भक्ति और उल्लास से मनाया। इस पावन अवसर पर शहर के विभिन्न दिगंबर जैन मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, शांतिधारा, कलशाभिषेक और लाडू चढ़ाने जैसे धार्मिक आयोजन किए गए।
वैभव नगर दिगंबर जैन मंदिर में महिला मंडल को लाडू निर्माण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई, जिसे उन्होंने पूरे उत्साह व समर्पण से निभाया। उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए मंदिर समिति द्वारा महिला मंडल को सम्मानित भी किया गया।
भगवान पार्श्वनाथ के निर्वाण महोत्सव को भव्य रूप से मनाया
वहीं जबरीबाग नसिया जी मंदिर में “मोक्ष सप्तमी” पर भगवान पार्श्वनाथ के निर्वाण महोत्सव को भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर शांति धारा, कलशाभिषेक, तथा लाडू चढ़ाने जैसे आयोजनों में समाजजन बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। इस पर्व को सम्मेद शिखर जी के स्वर्ण भद्र कूट पर मोक्ष प्राप्ति की स्मृति के रूप में मनाया जाता है, जो जैन धर्म के लिए अत्यंत श्रद्धा और प्रेरणा का स्रोत है।













Add Comment