समाचार

जैन संत आचार्य श्री कामकुमार नंदी महाराज की बर्बर हत्या : जैन समाज में शोक की लहर


 दिगम्बर जैन संत श्री कामकुमार नंदी मुनि महाराज की कर्नाटक के हीरा हीरेखोड़ी गांव में बेरहमी से हत्या कर दी गई। मुरैना जैन समाज को जैसे ही मुनिश्री की हत्या का समाचार मिला, सभी स्तब्ध रह गए। खबर मिलते ही सभी लोगों में हत्यारों के प्रति भरी रोष देखा गया। पढ़िए मनोज नायक की रिपोर्ट…


मुरैना। दिगम्बर जैन संत श्री कामकुमार नंदी मुनि महाराज की कर्नाटक के हीरा हीरेखोड़ी गांव में बेरहमी से हत्या कर दी गई। बताया जाता है कि दिगम्बर जैनाचार्य श्री 108 कामकुमार नंदी जी मुनि महाराज ने कर्नाटक प्रांत में चिक्कोडी तालुक के हीराखोड़ी गांव में विगत 15 वर्षों वहीं नजदीकी पहाड़ी के नंदी पर्वत पर एक पार्श्वनाथ जैन मंदिर और आश्रम का निर्माण करा रहे थे। उनका अधिकांशतः प्रवास भी यहीं होता था। वर्षायोग हेतु पूज्य आचार्य श्री इसी आश्रम में विराजमान थे। बीते 5 जुलाई की शाम आचार्य श्री अचानक लापता हो गये। काफी तलाश करने पर भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो प्रातः पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस द्वारा तलाश करने पर कुछ दूरी पर आचार्य श्री का कमंडलू पड़ा मिला। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया। उन्होंने जैन मुनि का अपहरण एवं हत्या करना स्वीकार किया है। हत्यारों ने जैन संत की हत्या के बाद उनके शरीर के टुकड़े करके फेंक दिए। पुलिस ने शरीर के कुछ अंग बरामद किए हैं। शेष अंग की तलाश की जा रही है।

कड़े शब्दों में की निंदा

मुरैना जैन समाज को जैसे ही मुनिश्री की हत्या का समाचार मिला, सभी स्तब्ध रह गए। खबर मिलते ही सभी लोगों में हत्यारों के प्रति भरी रोष देखा गया। श्री पार्श्वनाथ जैन बड़ा मंदिर कमेटी के उपाध्यक्ष अभिषेक जैन टीटू, अतिशय क्षेत्र टिकटौली के अध्यक्ष राजेंद्र भंडारी, अतिशय क्षेत्र सिहोनियां के संरक्षक आशीष जैन सोनू, ज्ञानतीर्थ परिवार से विजय जैन सहित सभी लोगों ने इस हत्याकांड की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाए जाने की मांग की है एवं भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृति न हो, इसके लिए कठोर कदम उठाये जाएं।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
6
+1
1
+1
2
Shreephal Jain News

You cannot copy content of this page