चिंतामण पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती बड़ा मंदिर स्कीम नंबर 78 में रविवार को श्री जी के अभिषेक और शांति धारा में अपार जन समूह उमड़ा। सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने इसमें भाग लिया। मंदिर में रविवार को 9 शांतिधारा और 13 प्रथम अभिषेक किए गए। इंदौर से पढ़िए, प्रीतम लखवाल की यह खबर…
इंदौर। श्री चिंतामण पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती बड़ा मंदिर स्कीम नंबर 78 में रविवार को श्री जी के अभिषेक और शांति धारा में अपार जन समूह उमड़ा। सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने इसमें भाग लिया। मंदिर में रविवार को 9 शांतिधारा और 13 प्रथम अभिषेक किए गए। संगीतमय पूजन, अभिषेक और शांतिधारा की गई। श्री चिंतामण पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती बड़ा मंदिर स्कीम 78 के अध्यक्ष डीके जैन ने बताया कि शांतिधारा और प्रथम अभिषेक का सौभाग्य अभिषेक जैन, राजकुमार जैन घाटे, मनीष जैन पंप, देवेंद्रकुमार जैन, शैलेशकुमार जैन, कैलाश अभिनंदन, सुनीलकुमार जैन भंडा आदि ने प्राप्त किया।
शांतिधारा और अभिषेक की प्रक्रिया ब्रह्मचारिणी शुभि दीदी के सानिध्य में अर्चना जैन कुरकरे, संजय जैन चाचू ने विधिवत मंत्रोच्चार के साथ पूर्ण करवाई। रविवार भादों की शुक्ल पक्ष की अष्टमी को भगवान श्री पुष्पदंत जी के मोक्ष कल्याणक पर निर्वाण लाडू भी अर्पित किया गया। भगवान पुष्पदंत जी को निर्वाण लाडू चढ़ाने का सौभाग्य महिला मंडल की अध्यक्ष सुनीता जैन राजकुमार जैन परिवार को प्राप्त हुआ।
मंदिर के अध्यक्ष डीके जैन ने बताया कि यहां मंदिर में दसलक्षण पर्व के मौके पर सुबह श्री जी का नित्य अभिषेक, पूजन, शांतिधारा, भक्ति और आरती की जा रही है। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम में समाज के लोगों की सहभागिता उल्लेखनीय रहती है। इसमें महिला, पुरुष और बच्चे उल्लास और उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। रविवार को भी यहां विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
डीके जैन ने बताया कि 5 सितंबर को श्री चिंतामण पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती बड़ा मंदिर स्कीम 78 में ऐतिहासिक महा आरती की जाएगी। इसमें इंदौर के सभी 130 दिगंबर जैन मंदिरों के अध्यक्ष, मंत्री, महामंत्री, पदाधिकारी आदि की मौजूदगी में 15 से 20 हजार लोग आरती में भाग लेंगे। रविवार को हुए कार्यक्रम में संचालन डीके जैन ने किया और आभार योगेश जैन, हनी जैन ने माना।













Add Comment