जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक महोत्सव 01 अप्रैल से 03 अप्रैल तक हर्षोल्लास पूर्वक मनाया जा रहा है। 03 अप्रैल को प्रातः बालक तीर्थंकर महावीर के जन्म की घोषणा के पश्चात बालक रूप तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी की विशाल एवं भव्य रथयात्रा निकलेगी। पढ़िए मनोज नायक की रिपोर्ट…
मुरैना। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक महोत्सव 01 अप्रैल से 03 अप्रैल तक हर्षोल्लास पूर्वक मनाया जा रहा है। श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती बड़ा मन्दिर कमेटी एवं आयोजन समिति के उपाध्यक्ष अभिषेक जैन टीटू (आलोक प्रेस) ने बताया कि परम पूज्य गणिनी आर्यिका श्री अंतसमति माताजी (ससंघ) के पावन सान्निध्य एवं प्रतिष्ठाचार्य पवन जैन दीवान सागर के निर्देशन में तीन दिवसीय भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हर्षोल्लास पूर्वक मनाया जा रहा है।
शांतिधारा और अभिषेक
महोत्सव के प्रथम दिन 01 अप्रैल को प्रातः भगवान महावीर स्वामी का अभिषेक, शांतिधारा, पूजन की गई। शाम को बड़े जैन मंदिर से भव्य जिनवाणी शोभायात्रा कीर्ति स्तम्भ सूबात रोड मुरेना पर पहुंची। जिनवाणी शोभायात्रा में नगर निगम मुरैना के आयुक्त संजीव जैन- नीलम जैन एवं सोनू जैन- सोनम जैन (वरहाना) मां जिनवाणी को सिर पर धारण कर चलायमान रहे। कीर्ति स्तम्भ पर भक्तामर दीप अर्चना एवं जैन सिद्धांतों पर आधारित लघु नाटिका का मंचन किया गया।
निकाली गई प्रभातफेरी
रविवार 2 अप्रैल को प्रातः 5 बजे प्रभातफेरी निकाली गई। श्री जिनेन्द्र प्रभु का अभिषेक, पूजन, शांतिधारा एवं पूजन हुआ। शाम को आरती, शास्त्रसभा, इंद्रसभा, माता के सोलह स्वप्नों का मंचन हुआ।
निकाली जाएगी शोभायात्रा
03 अप्रैल को प्रातः बालक तीर्थंकर महावीर के जन्म की घोषणा के पश्चात बालक रूप तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी की विशाल एवं भव्य रथयात्रा निकलेगी। बड़ा जैन मंदिर से रथयात्रा प्रारम्भ होकर गोपीनाथ की पुलिया, गर्ल्स स्कूल रोड, जीवाजी गंज, सूबात रोड, पुल तिराहा, हनुमान चौराहा, स्टेशन रोड, शंकर बाजार, सदर बाजार, लोहिया बाजार होती हुई बड़ा जैन मंदिर पहुंचेगी। जैन मंदिर में पांडुक शिला पर तीर्थंकर बालक का जलाभिषेक किया जाएगा। पूज्य गणिनी आर्यिका श्री अंतसमति माताजी के प्रवचन होंगे। शाम को आरती, शास्त्रसभा, कुण्डलपुर उत्सव, भक्ति नृत्य, बालक महावीर का पालना, बधाइयां आदि कार्यक्रमों के साथ समारोह का समापन होगा। कार्यक्रम में मंच कलाकार संजय एंड पार्टी भोपाल एवं संगीतकार किशोर एंड पार्टी भोपाल रहेंगे। कार्यक्रम के समापन पर सकल जैन समाज के सामूहिक वात्सल्य भोज की व्यवस्था की गई है।













Add Comment