ललितपुर के प्रसिद्ध जैन अतिशय क्षेत्र गिरार गिरी जी मंदिर में रात के समय दानपात्र तोड़कर अज्ञात चोरों ने नकदी चोरी कर ली। जैन समाज और कमेटी ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की। पढ़िए डॉ. सुनील संचय की विस्तृत खबर…
ललितपुर। 30 जुलाई 2025 की रात श्री दिगंबर जैन आदिनाथ स्वामी अतिशय क्षेत्र गिरार गिरी जी (थाना गिरार) के श्री पार्श्वनाथ जिनालय में अज्ञात चोरों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़कर दानपात्र में रखी नकदी चुरा ली। सुबह 6 बजे जब मंदिर के पुजारी अरविंद जैन नित्य पूजन हेतु पहुंचे तो चोरी की जानकारी मिली। उन्होंने तत्काल कमेटी के पदाधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद थाने को अवगत कराया गया। घटना स्थल का निरीक्षण थानाध्यक्ष गिरार द्वारा किया गया। जैन समाज में इस घटना को लेकर तीव्र रोष है। अतिशय क्षेत्र में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग के साथ जैन समाज के पदाधिकारियों ने ललितपुर पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक को ज्ञापन सौंपा।
अज्ञात चोरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की माँग
ज्ञापन में मांग की गई कि शीघ्र अज्ञात चोरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही मंदिर परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष रात्री गश्त की भी व्यवस्था की जाए।
ज्ञापन देने वालों में अध्यक्ष ट्रस्ट समिति संतोष जैन ‘घड़ी’ (सागर), प्रबंध समिति अध्यक्ष चक्रेश जैन, महामंत्री प्रदीप जैन (मड़ावरा), राजू सौरया, मीडिया प्रभारी डॉ. सुनील संचय, अभिषेक जैन दीपू (मड़ावरा), अजित जैन स्टील, प्रियंक सराफ, त्रिलोक जैन, सुधीर जैन, आशीष जैन, विनोद जैन, अनिल जैन सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।
एसपी मोहम्मद मुश्ताक ने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए थाना गिरार को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए और कहा कि दोषियों को सजा दिलाना सुनिश्चित किया जाएगा।













Add Comment