समाज सेवा और मानवीय संवेदनाओं का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए जैन मिलन परिवार जौरा ने श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में वर्षों से सेवा कार्य कर रही मालिन की बेटी शिवानी का विवाह पूर्ण सहयोग के साथ संपन्न कराया। जौरा से पढ़िए, अजय जैन की यह खबर…
जौरा। समाज सेवा और मानवीय संवेदनाओं का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए जैन मिलन परिवार जौरा ने श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में वर्षों से सेवा कार्य कर रही मालिन की बेटी शिवानी का विवाह पूर्ण सहयोग के साथ संपन्न कराया। इस पुनीत कार्य में जैन मिलन महिला इकाई जौरा ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और विवाह को गरिमामय स्वरूप प्रदान किया। श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में कई वर्षों से सेवा कार्य कर रही मालिन आर्थिक रूप से कमजोर है। उसकी बेटी शिवानी के विवाह की चिंता को देखते हुए जौरा स्थित जैन मिलन परिवार ने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए पूरे विवाह की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली। विवाह से पूर्व जैन मिलन महिला जौरा द्वारा शिवानी की पारंपरिक गोद भराई रस्म संपन्न कराई गई, जिसमें उसे गृहस्थ जीवन के लिए आवश्यक सामग्री भेंट की गई।
घरेलू उपयोग की सामग्री प्रदान की
गोद भराई के अवसर पर शिवानी को गोदरेज अलमारी (ड्रेसिंग सहित), लगभग 30 साड़ियां, पेंट-शर्ट, 5 बेडशीट, चांदी के पायल एवं बिछिया, सोने की लोंग, दरवाजे के बर्तन, करीब 10 प्रकार के घरेलू बर्तन, प्रेस, गैस चूल्हा, इंडक्शन, श्रृंगार दानी, वॉशिंग मशीन, सूटकेस, ट्रॉली बैग सहित अन्य घरेलू उपयोग की सामग्री प्रदान की गई।
जैन मिलन परिवार जौरा ने निभाया अपना दायित्व
जैन मिलन परिवार जौरा के पदाधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल एक विवाह संपन्न कराना नहीं, बल्कि समाज में यह संदेश देना है कि सामूहिक सहयोग से जरूरतमंद परिवारों के जीवन में खुशियां लाई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर में सेवा करने वाली मालिन और उसके परिवार के प्रति यह समाज का नैतिक दायित्व था, जिसे जैन मिलन परिवार जौरा ने पूरे समर्पण भाव से निभाया।
सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता का मजबूत संदेश
इस अवसर पर जैन मिलन परिवार एवं महिला इकाई जौरा की सदस्यों ने शिवानी को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने जौरा जैन मिलन परिवार की इस पहल की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायी बताया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि आज के समय में ऐसे सामाजिक कार्य समाज को जोड़ने का काम करते हैं और जरूरतमंदों के लिए आशा की किरण बनते हैं। जैन मिलन परिवार जौरा द्वारा किया गया यह कार्य निश्चित ही समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता का मजबूत संदेश देता है।













Add Comment