जैन धर्म शास्त्रों में वर्णित तथ्यों के अनुसार प्रथम तीर्थंकर से लेकर 24वें तीर्थंकर तक अपने अवतरण के दौरान कोई न कोई विशेष चिन्हों को लेकर आए हैं। इन चिन्हों का महत्व केवल इतना नहीं कि यह भगवानों की पहचान के लिए है, बल्कि उनके द्वारा प्रकृति, जीव और जगत के संरक्षण का संदेश भी छिपा होता है। इंदौर से पढ़िए, श्रीफल जैन न्यूज के उपसंपादक प्रीतम लखवाल की यह संकलित विशेष रिपोर्ट…
इंदौर। जैन धर्म में अवतरित हुए तीर्थंकरों ने धर्म, कर्म, तप, साधना, योग, ध्यान, समाधि के अलावा संयम, धैर्य, कर्तव्य परायणता, मानव कल्याण, परहित से स्व कल्याण का मार्ग बताया है। इस मार्ग में मोक्ष अटल सत्य के रूप में सन्निहित है। जैन धर्म शास्त्रों में वर्णित तथ्यों के अनुसार प्रथम तीर्थंकर से लेकर 24वें तीर्थंकर तक अपने अवतरण के दौरान कोई न कोई विशेष चिन्हों को लेकर आए हैं। इन चिन्हों का महत्व केवल इतना नहीं कि यह भगवानों की पहचान के लिए है, बल्कि उनके द्वारा प्रकृति, जीव और जगत के संरक्षण का संदेश भी छिपा होता है। जैन धर्म में साधना मोक्ष का साधन जरूर बनती है, लेकिन उससे भी अधिक यही साधना हमें इस धरती, जीव और जगत से जोड़ने का भी काम करती है। यह सर्वविदित है कि जैन धर्म में 24 तीर्थंकरों को अत्यधिक सम्मानित गया है और प्रत्येक तीर्थंकर का एक विशिष्ट चिन्ह होता है, जो उनके गुणों और शिक्षाओं का प्रतीक है। इन चिन्हों का मानव जीवन में गहरा महत्व है और ये हमें आध्यात्मिक और नैतिक मूल्यों की ओर प्रेरित करते हैं।
24वें तीर्थंकर भगवान महावीर का चिन्ह
भगवान महावीर का चिन्ह सिंह है, जो शक्ति, साहस और निर्भयता का प्रतीक है। यह चिन्ह हमें अपने जीवन में साहस और दृढ़ता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उसी तरह प्रथम तीर्थंकर ऋषभदेव का चिन्ह बैल शक्ति और परिश्रम का प्रतीक है। द्वितीय तीर्थंकर अजितनाथ का विशिष्ट चिन्ह हाथी शक्ति और स्थिरता को दर्शाता है। तीसरे तीर्थंकर भगवान संभवनाथ जी का चिन्ह घोड़ा है। यह गति और ऊर्जा को प्रदर्शित करता है। इसी तरह चौथे तीर्थंकर अभिनंदननाथ जी का चिन्ह बंदर है। यह चंचलता और बुद्धिमत्ता का प्रतीक है। पांचवे तीर्थंकर सुमतिनाथ जी का विशिष्ट चिन्ह चकवा पक्षी है, जो ज्ञान विवेक का प्रतीक है।
इस प्रकार है इन चिन्हों का मानव जीवन में महत्व
1. आध्यात्मिक विकासः ये चिन्ह हमें आध्यात्मिक गुणों को विकसित करने और अपने जीवन को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करते हैं।
2. नैतिक मूल्यः ये चिन्ह हमें नैतिक मूल्यों जैसे कि सत्य, अहिंसा और संयम को अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
3. जीवन के उद्देश्यों की प्राप्तिः ये चिन्ह हमें अपने जीवन के उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए आवश्यक गुणों और मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। इन चिन्हों का अध्ययन और उनके गुणों को अपनाकर, हम अपने जीवन को अधिक अर्थपूर्ण और सकारात्मक बना सकते हैं।
तीर्थंकर और उनके प्रतीक चिन्ह
ऋषभनाथ (प्रथम तीर्थंकर)ः बैल
अजितनाथ (द्वितीय तीर्थंकर)ः हाथी
संभवनाथ (तृतीय तीर्थंकर)ः घोड़ा
अभिनंदननाथ (चौथे तीर्थंकर)ः बंदर
सुमतिनाथ (पांचवे तीर्थंकर)ः चकवा
पद्मप्रभु (छठे तीर्थंकर)ः कमल
सुपार्श्वनाथ (सातवें तीर्थंकर)ःस्वास्तिक
चंदाप्रभु (आठवें तीर्थंकर)ः चंद्रमा
पुष्पदंत जी (नौवें तीर्थंकर)ः मगर
शीतलनाथ (दसवें तीर्थंकर)ः कल्पवृक्ष
श्रेयांसनाथ (ग्यारहवें तीर्थंकर)ः गैंडा
वासुपूज्य (बारहवें तीर्थंकर)ः भैंसा
विमलनाथ (तेरहवें तीर्थंकर)ः शूकर
अनंतनाथ (चौदहवें तीर्थंकर)ः सेही
धर्मनाथ (पंद्रहवें तीर्थंकर)ः वज्रदंड
शांतिनाथ (सोलहवें तीर्थंकर)ःमृग
कुंथुनाथ (सत्रहवें तीर्थंकर)ः बकरा
अरहनाथ (अठारहवें तीर्थंकर))ःमछली
मल्लिनाथ (उन्नीसवें तीर्थंकर)ः कलश
मुनिसुव्रतनाथ (बीसवें तीर्थंकर)ः कच्छप
नमिनाथ (एक-बीसवें तीर्थंकर)ः नीलकमल
नेमिनाथ (बाइसवें तीर्थंकर)ः शंख
पार्श्वनाथ (तेईसवें तीर्थंकर)ः सर्प
महावीर स्वामी (चौबीसवें तीर्थंकर)ः सिंह













Add Comment