समाचार

फिजिकल एजुकेशन कॉलेज ने मेडिकल टीम को 108 रनों से हराया : फाइनल मुकाबले में भिड़ेंगी फिजिकल एजुकेशन और सीसीएसआईटी की टीम


तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी की इंटरकॉलिजिएट चैम्पियनशिप के तहत टी-20 के क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में फिजिकल एजुकेशन कॉलेज के उम्दा गेंदबाजों और बल्लेबाजों के सामने तीर्थंकर महावीर मेडिकल कॉलेज की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। फिजिकल एजुकेशन के बॉलर्स ने जबर्दस्त प्रदर्शन करते हुए मेडिकल कॉलेज की टीम को 108 रनों के बड़े अंतर से पराजित किया। मुरादाबाद से पढ़िए, प्रो. श्यामसुंदर भाटिया की यह खबर…


मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी की इंटरकॉलिजिएट चैम्पियनशिप के तहत टी-20 के क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में फिजिकल एजुकेशन कॉलेज के उम्दा गेंदबाजों और बल्लेबाजों के सामने तीर्थंकर महावीर मेडिकल कॉलेज की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। फिजिकल एजुकेशन के बॉलर्स ने जबर्दस्त प्रदर्शन करते हुए मेडिकल कॉलेज की टीम को 108 रनों के बड़े अंतर से पराजित किया। फिजिकल की टीम ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी। टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 186 रनों का विशाल स्कोर बनाया। फिजिकल एजुकेशन की ओर से अंकित कुमार ने असाधारण बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 52 गेंदों पर 106 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इस शतकीय पारी में 12 चौके और 5 बेहतरीन छक्के शामिल रहे। अंततः अंकित यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। कॉलेज ऑफ मेडिकल की ओर से आबिद, रजत, अनुभव और राहुल सिंह ने विकेट तो जरूर हासिल किए, लेकिन वे फिजिकल एजुकेशन कॉलेज की तेज रन गति पर ब्रेक नहीं लगा सके। अब फाइनल मुकाबले में फिजिकल एजुकेशन कॉलेज और सीसीएसआईटी कॉलेज भिड़ेंगे। दूसरे सेमीफाइनल में सीसीएसआईटी कॉलेज ने पैरा मेडिकल कॉलेज को 39 रनों से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। 187 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी कॉलेज ऑफ मेडिकल की टीम शुरुआत से ही दबाव में आ गई और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही।

फिजिकल एजुकेशन कॉलेज के गेंदबाजों की सटीक लाइन और लेंथ के सामने मेडिकल कॉलेज की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। पूरी टीम मात्र 78 रन पर 13 ओवरों में ऑल आउट हो गई। मेडिकल कॉलेज का कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर टिककर बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं हो सका। फिजिकल एजुकेशन की ओर से कृष्णा मोदनवाल ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 2 ओवरों में केवल 6 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट झटके। प्रत्युष द्विवेदी ने 1 ओवर में मात्र 2 रन देकर 2 विकेट लेकर मेडिकल कॉलेज की उम्मीदों पर पूरी तरह विराम लगा दिया। सैफ साबिर ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 रन देकर 1 विकेट हासिल किया, जबकि विजय गुप्ता और अभिषेक सगवान ने भी अहम विकेट चटकाकर विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा।

सीसीएसआईटी की टीम ने पैरामेडिकल की टीम को पराजित किया 

सीसीएसआईटी और पैरामेडिकल कॉलेज के बीच दूसरे सेमीफाइनल में सीसीएसआईटी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवरों की समाप्ति पर अपने सभी विकेट खोकर 149 रन बनाए। सीसीएसआईटी की तरफ से सुशांत सिंह ने 25 गेंदों में 3 चौके और 1 छक्का की मदद से 34 रनों की पारी खेली। सीसीएसआईटी की ओर से सूरज ने 3 ओवरों में 2 विकेट अपने नाम किए। सीसीएसआईटी ने ये मुकाबला 39 रनों से जीतकर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है। मैन ऑफ द मैच का खिताब सीसीएसआईटी के सुशांतसिंह को मिला। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पैरामेडिकल की टीम पूरे 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर महज 111 रन बना सकी। पैरामेडिकल की तरफ से मो. आमिर ने 29 गेंदों में 32 रन बनाकर सबसे बेहतरीन बल्लेबाज साबित हुए। अपनी पारी में मो. आमिर ने 3 चौके लगाए। पैरामेडिकल की तरफ से कैफ ने 3 विकेट अपने नाम किया। मैच में जमाल और सतेंद्र कुमार ने अंपायर, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी जय किशन, जॉय सैमुअल और सार्थक कुमार ने निभाई।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page