समाचार

इंदौर के एमजी रोड पर उतरा बॉलीवुड का जादू. : ड्रीम गर्ल’ बन छाईं जेएसजी यूनिक की महिलाएं


वुमन्स डे के उपलक्ष्य में शहर के एमजी रोड स्थित ‘बडीज़ कैफे’ में शनिवार शाम एक अलग ही नजारा देखने को मिला। मौका था जैन सोशल ग्रुप यूनिक द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम ‘ड्रीम गर्ल’ का। इंदौर से पढ़िए , यह खबर…


इंदौर। वुमन्स डे के उपलक्ष्य में शहर के एमजी रोड स्थित ‘बडीज़ कैफे’ में शनिवार शाम एक अलग ही नजारा देखने को मिला। मौका था जैन सोशल ग्रुप यूनिक द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम ‘ड्रीम गर्ल’ का। इस बॉलीवुड थीम आधारित आयोजन में ग्रुप की सदस्यों ने फिल्मी सितारों के अवतार में रैंप पर अपनी अदाओं का जलवा बिखेरा, जिससे पूरा कैफे तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

गंगूबाई से लेकर ‘गीत’ के अंदाज में दिखीं प्रतिभागी

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि महिलाओं ने केवल रैंप वॉक ही नहीं किया, बल्कि भारतीय सिनेमा के यादगार किरदारों को जीवंत कर दिया। कोई ‘गंगूबाई’ के कड़क अंदाज में नजर आई, तो किसी ने ‘चंद्रमुखी’ और ‘पारो’ की नजाकत दिखाई। माधुरी दीक्षित, श्रीदेवी और मधुबाला के एवरग्रीन लुक्स के साथ-साथ ‘जब वी मेट’ की चुलबुली ‘गीत’ और ‘भूल भुलैया’ के ‘रूह बाबा’ जैसे किरदारों ने समां बांध दिया। वहीं देश की शक्ति के रूप में ‘इंदिरा गांधी’ के लुक ने सभी को प्रभावित किया।

अध्यक्ष आंचल पुनीत टोंगिया ने दी जानकारी

पत्रकारों से चर्चा करते हुए ग्रुप की अध्यक्ष आंचल पुनीत टोंगिया ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके रोजमर्रा के व्यस्त जीवन से निकालकर एक ऐसा मंच देना था, जहाँ वे अपनी छिपी हुई प्रतिभा और आत्मविश्वास को दुनिया के सामने रख सकें। ‘ड्रीम गर्ल’ सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि हर महिला के भीतर बसी उस कलाकार का जश्न है जो घर और समाज को बखूबी संभालती है।

कठिन रहा जजेस का फैसला

प्रतियोगिता के लिए शहर की जानी-मानी हस्तियों को बतौर जज आमंत्रित किया गया था। प्रोफेशनल जज दीक्षा चौहान एवं पूनम चौहान ने प्रतिभागियों के ड्रेस-अप, कॉन्फिडेंस और उनके द्वारा निभाए गए किरदार की बारीकियों के आधार पर विजेताओं का चयन किया। जजेस ने ग्रुप के प्रबंधन और महिलाओं के उत्साह की जमकर सराहना की।

इन्होंने संभाली आयोजन की कमान

कार्यक्रम को सफल बनाने में सचिव रुचिका रोहन जैन का विशेष योगदान रहा। साथ ही आयोजन समिति की पूर्वी जैन, सुरभि गंगवाल, प्रीति जैन, नियति भंडारी, प्रियंका सांघवी, मिनी मांडोत और मोनिका कासलीवाल ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाते हुए पूरे इवेंट को बहुत ही प्रोफेशनल और भव्य रूप दिया। डांस, म्यूजिक और बॉलीवुड गानों के बीच यह शाम इंदौर की महिलाओं के लिए एक यादगार अनुभव बन गई।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page