समाचार

एक विवाह समारोह ऐसा भी : भण्डारी परिवार ने शादी समारोह में पेश की मिसाल


रतलाम के एक जैन परिवार ने सादगी पूर्ण तरीके से समारोह आयोजित कर समाज में अनुकरणीय उदाहरण पेश किया है। परिवार ने ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। पढ़िए राजेश जैन दद्दू की यह विशेष रिपोर्ट…


रतलाम। शादी समारोह के नाम पर पैसे की बर्बादी के उदाहरण आए दिन समाज में देखने को मिलते हैं लेकिन रतलाम के एक जैन परिवार ने सादगी पूर्ण तरीके से समारोह आयोजित कर समाज में अनुकरणीय उदाहरण पेश किया है। बीते दिनों रखबचंद पृथ्वीराज भण्डारी परिवार पेटलावदवाला के यहां ऋषि का विवाह समारोह आयोजित किया गया। यह समारोह कई मायनों में अपने आप में अनूठा रहा। पहले, तो विवाह समारोह में दिन में रखा गया, ताकि बिजली का दुरुपयोग न हो। दूसरा सामान्यतया आजकल विवाह समारोह में चाइनीज फूड के नाम पर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया जा रहा है लेकिन भण्डारी परिवार ने चाइनीज फूड से दूरी बना कर लोगों के स्वास्थ्य का पूरा खयाल रखने का प्रयास किया।

वहीं पर्यावरण संरक्षणके उद्देश्य से प्लास्टिक डिस्पोजल का उपयोग भी बिलकुल नहीं किया। अजय जैन ने बताया कि इस समारोह को यादगार बनाने के लिये परिवार ने एक बढ़िया निर्णय लेते हुए रतलाम नगर के समस्त वर्षीतप आराधकों के सामूहिक पारणे करवाने का लाभ विवाह स्थल पर लिया। नगर के समस्त वर्षीतप आराधकों को ससम्मान आमंत्रित किया गया एवं आत्मीय आतिथ्य सत्कार के साथ पारणे करवाए गए। भण्डारी परिवार के ही सौरभ भण्डारी जैन समाज के अल्पसंख्यक मामलों की राष्ट्रीय स्तर की शिखर संस्था अखिल भारतीय जैन अल्पसंख्यक महासंघ के संयुक्त मंत्री भी हैं। उन्होंने महासंघ की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक भी इसी समारोह में राष्ट्रीय अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थान के चेयरमैन जस्टिस एन के जैन के मुख्य आतिथ्य में रख समाज के प्रति अपनी चिंता भी जाहिर की।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
12
+1
3
+1
1
Shreephal Jain News

You cannot copy content of this page