समाचार

शालीमार जैन मंदिर में सिद्धचक्र महामंडल विधान का शुभारंभ, नगर में निकली भव्य रथयात्रा : भगवान पार्श्वनाथ की सुसज्जित पालकी के दर्शन हेतु उमड़ा जनसैलाब, श्रद्धा और भक्ति का अलौकिक वातावरण


आगरा के शालीमार एनक्लेव जैन मंदिर में श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्वशांति महायज्ञ का दिव्य प्रारंभ मंगल ध्वनियों के बीच हुआ, जिसमें विशाल रथयात्रा और कलश यात्रा ने भक्तिभाव का अनोखा दृश्य प्रस्तुत किया। पढ़िए शुभम जैन की रिपोर्ट…


आगरा। शालीमार एनक्लेव स्थित भगवान पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में मंगलवार को धार्मिक आस्था के अद्भुत संगम का साक्षी बना जब श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्वशांति महायज्ञ का भव्य शुभारंभ मंगलाचरण और अभिषेक के साथ हुआ। मंदिर परिसर में घंटा-घड़ियाल, शंखनाद और जयघोषों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। इसके बाद भगवान पार्श्वनाथ की कलात्मक रूप से सुसज्जित दिव्य पालकी रथयात्रा के लिए नगर भ्रमण हेतु निकली।

घोष बैंड प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया

शोभायात्रा में श्रद्धालुओं की अत्यधिक उपस्थिति रही, जिसमें पुरुष, महिलाएं एवं युवा धार्मिक ध्वज, कलश और पुष्पहार लेकर भक्ति गीतों के बीच झूमते हुए शामिल हुए। सौभाग्यवती महिलाओं द्वारा मंगल कलश धारण कर दी गई कलश यात्रा और जैन पाठशाला के बालक-बालिकाओं द्वारा घोष बैंड प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।

पूरे नगर में ‘जय जिनेंद्र’ के उद्घोष के साथ आध्यात्मिकता और भक्ति का असाधारण वातावरण निर्मित हुआ। मंदिर वापसी पर सुनील जैन एवं अर्चना जैन गोधा परिवार द्वारा ध्वजारोहण, तथा राहुल जैन और अंकिता जैन परिवार द्वारा मंगल कलश चढ़ाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। बाल ब्रह्मचारी आशीष भैया के सान्निध्य में प्रथम दिवस की समस्त मांगलिक क्रियाएं विधिपूर्वक संपन्न हुईं।

मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि 29 अक्टूबर से प्रतिदिन प्रातः धार्मिक अनुष्ठानों एवं संध्या 7 बजे महिला मंडलों द्वारा भव्य महाआरती का आयोजन होगा। आयोजन समिति एवं शालीमार जैन मंदिर परिवार ने समस्त जैन समाज से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ अर्जित करने और विश्वशांति हेतु शुभ संकल्प में सहभागी बनने की विनम्र अपील की है।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

Tags

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page