समाचार

पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव: मुनि श्री अजित सागर महाराज के सानिध्य में श्री राम वाटिका अयोध्या नगरी में हो रहा है पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव

पंचकल्याणक महोत्सव के दूसरे दिन हुईं गर्भ कल्याणक उत्तरा रूप की क्रियाएं

आगरा. शुभम जैन । मुनि श्री अजित सागर जी महाराज, ऐलक श्री दयासागर जी महाराज एवं ऐलक श्री विवेकानंद जी महाराज ससंघ के मंगल सानिध्य में रविवार को शमशाबाद रोड के राहुल विहार स्थित चमरौली रोड के श्री राम वाटिका अयोध्या नगरी में पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के दूसरे दिन गर्भ कल्याणक उत्तरा रूप की क्रियाएं हुईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीजी के जिन अभिषेक एवं शांतिधारा के साथ हुआ। इसके बाद भक्तों ने विधानाचार्य अशोक भैया एवं विधानाचार्य संजय भैया के निर्देशन में गर्भ कल्याणक उत्तरारूप की पूजा कर सभी मांगलिक क्रियाएं संपन्न कीं। इस दौरान मुनि श्री अजितसागर जी महाराज ने कहा कि तीर्थंकर भगवंत के गर्भावतरण के साथ ही तीनों लोकों में हर्ष व्याप्त हो जाता है।

नगरवासी, देवी-देवता और संपूर्ण प्रकृति झूमने लगती है। तीर्थंकर की माता को भगवान के गर्भावतरण के साथ ही शुभ स्वप्न दिखाई देते हैं। इंद्र और कुबेर द्वारा खुशी को व्यक्त करने के लिए रत्नों की वर्षा की जाती है। इसके बाद दोपहर एक बजे से माता की गोदभराई की मांगलिक क्रियाएं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए।

इस अवसर पर मुनि श्री अजित सागर जी महाराज ससंघ के मंगल सानिध्य में दोपहर 2:00 बजे से पंचकल्याणक आयोजन स्थल पर समस्त आगरा महिला मंडलों के लिए महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के समापन पर शाम को संगीतमय श्रीजी की मंगल आरती एवं 56 कुमारियों द्वारा माता की सेवा की गई।

सौधर्म इंद्र द्वारा नाभिराय का दरबार लगाया गया। इस अवसर पर ताराचंद जैन, डॉक्टर पवन जैन, राजेश जैन कारपेट वाले, धर्मेंद्र कुमार जैन, रामबाबू जैन, दिलीप जैन मोटर वाले, डॉक्टर जेके जैन, राजेश सेठी, मीडिया प्रभारी शुभम जैन, विशाल जैन, सचिन जैन, अमित जैन, संजयबाबू जैन, सागर जैन, गुड्डी जैन, क्षमा जैन, पूर्णिमा जैन, अर्चना जैन, अंगूरी जैन, कमलेश जैन, डॉली जैन, नेहा जैन सहित समस्त आगरा सकल दिगंबर जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने बताया कि पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के तीसरे दिन 12 दिसंबर को भगवान का जन्म कल्याणक महोत्सव प्रातः 7:30 बजे से श्री रामवाटिका अयोध्या नगरी में मनाया जाएगा।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

You cannot copy content of this page