समाचार

प्रतिभा सम्मान समारोह 2025 28 दिसंबर को होगा आयोजित: अखिल भारतीय दिगंबर जैसवाल जैन उपरोचिया समाज कर रहा कार्यक्रम 


अखिल भारतीय दिगंबर जैसवाल जैन उपरोचिया समाज की सेवा संस्था, सेवा न्यास आगामी 28 दिसंबर रविवार को प्रातः 8.30 बजे से सूर्यास्त तक अपने नवम प्रतिभा सम्मान समारोह 2025 का आयोजन कर रही है। इस समारोह में समाज की उभरती हुई प्रतिभाओं का अभिनंदन किया जाएगा। अंबाह से पढ़िए, अजय जैन की यह खबर…


अंबाह। अखिल भारतीय दिगंबर जैसवाल जैन उपरोचिया समाज की सेवा संस्था, सेवा न्यास आगामी 28 दिसंबर रविवार को प्रातः 8.30 बजे से सूर्यास्त तक अपने नवम प्रतिभा सम्मान समारोह 2025 का आयोजन कर रही है। इस समारोह में समाज की उभरती हुई प्रतिभाओं का अभिनंदन किया जाएगा और देशभर की 10 चयनित स्वर्णिम प्रतिभाओं को विशेष स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। न्यास के कमलेश जैन, चार्टर्ड अकाउंटेंट ने बताया कि इस वर्ष मुरैना जिले सहित देश भर के सभी जैसवाल जैन समाज के प्रतिभाशाली इस सम्मान के लिए फॉर्म भर सकते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभाओं से आग्रह किया है कि वे निर्धारित तिथि तक फॉर्म जमा करें और इस अवसर का लाभ उठाएँ। फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर 2025 निर्धारित की गई है। जैन ने बताया कि प्रतिभा सम्मान समारोह का स्थान जल्द ही घोषित किया जाएगा। उन्होंने कहा कार्यक्रम की तैयारी पूरी तरह व्यवस्थित और विस्तारपूर्वक की जा रही है। समारोह में आने वाले सभी प्रतिभाओं और उनके अभिभावकों के लिए सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इस बार सर्वाधिक ध्यान पंजीयन पर दिया जा रहा है ताकि कोई योग्य प्रतिभागी सम्मान से वंचित न रह जाए।

सम्मान और पात्रता 

इस वर्ष सम्मान के लिए पात्र प्रतिभाओं में 10वीं और 12वीं कक्षा में 85ः या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र, किसी भी प्रांत की मेरिट सूची में नाम आने वाले छात्र, इस वर्ष चार्टर्ड अकाउंटेंट, कंपनी सचिव या इंटीग्रेटेड कॉस्ट वॉचिंग बनने वाले छात्र, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, राष्ट्रीय कानून प्रवेश परीक्षा, भारतीय प्रबंधन संस्थान, जीएमएटी या मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफल होने वाले छात्र, ग्रेजुएशन या पोस्ट ग्रेजुएशन डिग्री में विशेष योग्यता प्राप्त करने वाले, राष्ट्रीय या प्रादेशिक प्रशासकीय एवं शासकीय सेवाओं में चयनित, मेडिकल कॉलेज में पी.जी. में चयनित, राष्ट्रीय या प्रादेशिक स्तर पर खेल, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में उपलब्धि प्राप्त करने वाले तथा राष्ट्रीय अथवा प्रादेशिक स्तर पर पुरस्कार या सम्मान प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागी शामिल हैं।

आवश्यक सुविधाएँ आयोजकों द्वारा मुहैया कराई जाएंगी

कमलेश जैन ने बताया कि सम्मान के लिए चयनित प्रतिभा और उनके साथ आने वाले एक अभिभावक/साथी को रेलवे शयनयान का मार्ग व्यय (असल खर्च) प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा, सभी प्रतिभाओं, अभिभावकों और अतिथियों को आवास, चाय, नाश्ता, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएँ आयोजकों द्वारा मुहैया कराई जाएंगी। कमलेश जैन ने कहा यह आयोजन समाज के युवाओं को प्रोत्साहित करने और उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों को पहचान देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी समाजजन इस सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाएँ ताकि योग्य प्रतिभागी कार्यक्रम में शामिल हो सकें।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
4
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page