समाचार

दुखद : प्रखर वक्ता और विद्वान संजीव कुमार गोधा का निधन


शनिवार को जैन समाज ने एक प्रखर वक्ता और विद्वान डॉ संजीव कुमार गोधा को खो दिया है। इससे सम्पूर्ण जैन समाज में शोक की लहर है।


जयपुर। प्रखर वक्ता और जैन दर्शन के प्रकांड विद्वान डॉ. संजीव कुमार गोधा का शनिवार को मुंबई में निधन हो गया। वह मात्र 47 वर्ष के थे और पिछले एक माह से बीमार चल रहे थे। उनके निधन से जयपुर ही नहीं, पूरे देश के जैन समाज में शोक की लहर है।

जीवन परिचय

मूल रूप से जयपुर के रहने वाले डॉ. संजीवकुमार गोधा अखिल भारतीय जैन समाज की एक जानी-मानी शख्सियत रहे हैं। आपका जन्म राजस्थान की गुलाबी नगरी जयपुर में नवम्बर 1976 में हुआ। बचपन से ही माता-पिता द्वारा धार्मिक संस्कारों में पले-बड़े डॉ. गोधा एक निर्भीक अंतरराष्ट्रीय जैन विद्वान माने जाते थे। आप इतिहास एवं जैनविद्या व तुलनात्मक धर्मदर्शन विषयों में एम. ए., जैनदर्शन विषय से एम.फिल (गोल्ड मैडल ), यूजीसी नेट तथा तीन लोक विषय पर पीएच.डी. थे।

मिले हैं कई अवॉर्ड

देश-विदेश की समाज एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा आपको समय-समय पर विविध अवॉर्ड, सम्मान, पुरस्कार एवं उपाधियों से अलंकृत किया गया था। जिनमें अखिल भारतीय दिगम्बर जैन विद्वत्परिषद् द्वारा पण्डितप्रवर टोडरमल पुरस्कार व युवा विद्वरत्न, श्रवणबेलगोला (महामस्तकाभिषेक) युवा सम्मेलन में आदर्श जैन युवा राष्ट्रीय सम्मान, शिकागो (अमेरिका) द्वारा अति विशिष्ट सेवा अवार्ड, उत्तर प्रदेश जैन विद्या शोध संस्थान लखनऊ उत्तर प्रदेश सरकार व फिरोजाबाद सहित ब्रज क्षेत्र की सकल जैन समाज द्वारा अध्यात्मचक्रवर्ती, श्री परमागम ट्रस्ट सोनागिर द्वारा अध्यात्मवेत्ता, ब्राह्मी सुंदरी कन्या विद्या निकेतन सहित दिल्ली की अनेक संस्थाओं द्वारा उपाध्यायकल्प आदि उपाधियों सहित आचार्य समन्तभद्र पुरस्कार, युवा जैन रत्न सम्मान, कुन्दकुन्द ज्ञानपीठ द्वारा अर्हत्वचन पुरस्कार आदि प्रमुख हैं। आपके द्वारा लिखित एवं सम्पादित 13 पुस्तकें एवं 30 से अधिक लेख प्रकाशित हो चुके हैं। आप 1998 से मासिक पत्रिका वीतराग विज्ञान के सह-सम्पादक एवं पाक्षिक समाचार पत्र जैनपथप्रदर्शक के सम्पादक थे। आप जयपुर के प्राचीन ऐतिहासिक मंदिर श्री दिगम्बर जैन पंचायत तेरहपंथ बड़ा (टोडरमलजी वाला मंदिर) के महामंत्री, श्री टोडरमल दिगम्बर जैन सिद्धान्त महाविद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक, जैन अध्यात्म एकेडमी ऑफ नॉर्थ अमेरिका के डायरेक्टर, विश्वस्तर पर संचालित अहे व सत्पथ पाठशाला के निदेशक एवं अखिल भारतीय जैन युवा फैडरेशन राजस्थान के प्रदेश महामंत्री रहे हैं।

आधात्मिक प्रवक्ता

आप एक लोकप्रिय प्रवचनकार के रूप में विख्यात आध्यात्मिक प्रवक्ता थे। आपकी सरल, सुबोध, ओजस्वी शैली समाज में आकर्षण का विषय बन रहती है। आप पूरे विश्व में सर्वाधिक ऑनलाइन लाइव सुने जाने वाले जैन विद्वान रहे हैं। आप 1993 से नियमित प्रवचन करते हुए अब तक लगभग 28,000 से अधिक प्रवचन कर चुके थे। सन् 2011 से प्रतिवर्ष लगभग 2 महीने विदेशों में जैनधर्म के प्रचार-प्रसार हेतु बुलाए जाते रहे। सन् 2022 तक 17 विदेश यात्राओं में अमेरिका, कनाडा, इंग्लैण्ड, अफ्रीका, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया आदि अनेक देशों के लगभग 40-50 शहरों में अपने प्रभावक प्रवचनों के माध्यम से धर्मध्वजा फहरा चुके हैं।

प्रवचनों का प्रसारण

1 जुलाई 2021 से प्रतिदिन रात्रि 10 बजे नियमित रूप से टी.वी. के पारस चैनल पर एवं समय-समय पर जिनवाणी व आदिनाथ टी. वी चैनलों पर आप के मार्मिक प्रवचनों का प्रसारण होता रहता है। YouTube पर Dr. Sanjeev Godha नाम से चैनल पर आपके हजारों वीडियो प्रवचन उपलब्ध हैं, जिनमें जैन दर्शन के लगभग सभी महत्वपूर्ण विषयों का समावेश है। आज आपको जैन-अजैन 50 हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं, जिससे चैनल पर करोड़ों व्यूज़ हैं।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
6
+1
0
+1
1
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page