ज्ञानतीर्थ मुरैना में आचार्य श्री ज्ञेयसागर महाराज और सुधासागर महाराज का मंगल मिलन हुआ। ज्ञानतीर्थ पर विराजमान मुनिश्री ज्ञातसागर महाराज एवं मुनिश्री नियोगसागर महाराज ने पूज्यश्री की प्रदक्षिणा कर विनय पूर्वक नमोस्तु निवेदित किया। पूज्य गुरुदेव पावन सान्निध्य में ज्ञानतीर्थ पर भगवान आदिनाथ का महामस्तकाभिषेक किया गया। पढ़िए मनोज नायक की रिपोर्ट…
मुरैना। संस्कारधानी धर्मनगरी मुरैना में ए बी रोड पर स्थित ज्ञानतीर्थ क्षेत्र पर सप्तम पट्टाचार्य श्री ज्ञेयसागर महाराज एवं निर्यापक श्रमण मुनिपुंगव सुधासागर महाराज का भव्य मंगल मिलन हुआ। पूज्य गुरुदेव सुधासागर जी महाराज ने ज्ञानतीर्थ पर जिज्ञासा समाधान कार्यक्रम में ब्रह्मचारणी बहिन अनीता दीदी एवं मंजुला दीदी की जिज्ञासा के जवाब में कहा कि ज्ञानसागर महाराज ने इतने अधिक पुण्य अर्जित किए कि उन्हें भोगने के लिए इस धरा पर कोई स्थान शेष नहीं था, इसीलिए उन्हें असमय ऊपर बुला लिया।

वैसे भी प्रकृति अच्छे लोगों को जल्दी बुला लेती है। ज्ञानसागर महाराज की प्रेरणा से मुरैना को ज्ञानतीर्थ के रूप में एक अनुपम कृति प्राप्त हुई है। मुरैना के समाज को इस पर गर्व करना चाहिए और एकजुटता के साथ ज्ञानसागर की भावना के अनुरूप क्षेत्र का विकास करना चाहिए। मैं और ज्ञानसागर महाराज ब्रह्मचारी अवस्था में सागर में काफी समय तक साथ साथ रहे थे। मुरैना से मेरा काफी लगाव रहा है। श्री गोपालदास बरैया द्वारा स्थापित संस्कृत महाविद्यालय का श्रमणों के अध्ययन में उल्लेखनीय योगदान रहा है। मेरा मुरैना के समाज को आशीर्वाद था, है और आगे भी रहेगा।

चल रहा है मंगल विहार
संत शिरोमणी आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के परम प्रभावक शिष्य निर्यापक श्रमण मुनिपुंगव सुधासागर महाराज का आगरा वर्षायोग 2023 के लिए मंगल विहार चल रहा है। मंगलवार को प्रदीप जैन पीएनसी आगरा के नेतृत्व में आगरा के सकल जैन समाज ने पूज्यश्री को श्रीफल अर्पित किया। धौलपुर जैन समाज के अध्यक्ष धनेश जैन पत्रकार एवं मनियां समाज ने भी अपने साथियों के साथ श्रीफल अर्पित किया। इसी दरम्यान ज्ञानतीर्थ मुरैना में आचार्य श्री ज्ञेयसागर महाराज और सुधासागर महाराज का मंगल मिलन हुआ। ज्ञानतीर्थ पर विराजमान मुनिश्री ज्ञातसागर महाराज एवं मुनिश्री नियोगसागर महाराज ने पूज्यश्री की प्रदक्षिणा कर विनय पूर्वक नमोस्तु निवेदित किया। पूज्य गुरुदेव पावन सान्निध्य में ज्ञानतीर्थ पर भगवान आदिनाथ का महामस्तकाभिषेक किया गया। प्रथम शांतिधारा पंकज जैन मेडिकल एवम द्वितीय शांतिधारा राजेंद्र भंडारी मुरैना को करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ ।













Add Comment