समाचार

पाप को समझो, जिसके छोडे़ बिना पुण्य की प्राप्ति नहींः मुनि सुधासागर जी

मुनि श्री ने कहा, संसार संभल गया तो सब कुछ संभल जाएगा

ललितपुर.राजीव सिंघई । सारी दुनिया पुण्य के पीछे भाग रही है लेकिन पाप को समझे बिना पुण्य की प्राप्ति नहीं हो सकती। पहले पाप को समझो, पाप को छोड़ो, पाप को छोड़ते ही पुण्य की प्राप्ति हो जाएगी लेकिन वर्तमान में व्यक्ति पाप को छोडे़ बिना पुण्य पाना चाहता है, यही उसकी सबसे बडी भूल है।

उक्त उद्गार श्री अभिनन्दनोदय तीर्थ में श्रमण मुनिपुंगव सुधासागर महाराज ने अध्यात्म के महान ग्रंथ समयसार में वर्णित ज्ञान को विद्वान एवं विदुषियों के समक्ष समयसार प्रशिक्षण शिविर के दौरान व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि हमें जाना है मोक्ष पर, समझना है संसार।

जहां रहते हो उसे समझना है। अगर संसार संभल गया, संसार को समझ लिया, संसार में रहना आ गया तो मोक्ष पाना कठिन नहीं। पर आज का व्यक्ति मोक्ष पाना चाहता है, पर संसार को बिगाड़कर। जिसे संसार में रहना ही नहीं आया, वह मोक्ष में कैसे रह पाएगा, पा पाएगा।

मुनि श्री ने कहा मित्र को नहीं, शत्रु को समझो जो राजनीतिज्ञ होते हैं, वह अपने विरोधियों की शक्ति का ज्ञान पहले करते हैं कि हमारे विरोधी की शक्ति कितनी है।

इतिहास गवाह है कि जिन- जिन ने अपने शत्रुओं की शक्ति को नहीं समझा, उन्हें रणक्षेत्र में हार ही नसीब हुई। नीति है- अगर शत्रु बलवान है तो समझौता कर लो, नहीं तो समस्या खड़ी हो जाएगी। सच्चे राजनीतिज्ञ की यही पहचान है।

मुनि श्री ने अध्यात्म का विवेचन करते हुए बताया कि मनुष्य समाज में रहकर अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए जीता है, पर इस बात को हमेशा याद रखना जिन्हें तुम अपना मान रहे हो, वह कभी भी दगा दे सकते हैं। चाहे धन वैभव, पुत्र, पत्नी, भाई, मित्र ही क्यों न हो क्योंकि धोखा हम अपनों से ही खाते हैं, परायों से नहीं।

इसके पूर्व प्रातःकाल मूलननायक अभिनंदनाथ भगवान का श्रावकों ने अभिषेक किया। इसके उपरान्त मुनि श्री के मुखारविन्द से शान्तिधारा हुई। तदुपरान्त श्रावक श्रेष्ठि परिवारों ने आचार्य श्री के चित्र का अनावरण एवं मुनि श्री का पादप्रक्षालन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।

रविवार को निर्यापक मुनि श्री सुधासागर महाराज को आहारदान ब्रह्मचारिणी सुनीता जैन हिरावल गांधीनगर परिवार एवं मुनि पूज्यसागर महाराज आहारदान नीरज जैन चडरउ गांधीनगर परिवार को, ऐलक धैर्य सागर को आहारदान
महेन्द्र जैन विवके जैन मडवैया परिवार एवं क्षुल्लक गम्भीर सागर को आहारदान किरण प्रकाश शास्त्री परिवार को मिला।

मुनि श्री का चातुर्मास इन दिनों अभिनंदनोदय तीर्थ क्षेत्रपाल में प्रभावना पूर्वक चल रहा है जिसमें प्रमुख रूप से जैन पंचायत अध्यक्ष अनिल जैन अंचल, महामंत्री डा. अक्षय टडैया,मंदिर प्रबंधक राजेन्द्र जैन थनवारा, मोदी पंकज जैन, मीडिया प्रभारी अक्षय अलया, शीलचंद अनौरा, अखिलेश गदयाना, अरविन्द जैन आप्टिशियन, धार्मिक आयोजन संयोजक मनोज जैन बबीना, शिविर प्रभारी पं.आलोक शास्त्री, संजीव जैन ममता स्पोर्ट, जिनेन्द्र जैन डिस्को, सत्येन्द्र गदयाना, श्रीश सिंघई, कैप्टन राजकुमार जैन, अजित जैन गदयाना, मीना इमलया, अनीता मोदी, के अतिरिक्त नगर की स्वयंसेवी संस्थाओं का सक्रिय योगदान मिल रहा है।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

You cannot copy content of this page