जैन अतिशय तीर्थ क्षेत्र सिहोनिया में 6 दिनी पंच कल्याणक महोत्सव का शुभारंभ बुधवार से हो गया है। पहले दिन गर्भ कल्याणक पूर्व की धार्मिक क्रियाएं प्रतिष्ठाचार्य तथा विद्वानों संपन्न करवा रहे हैं। इस अवसर पर देश के विभिन्न प्रांतों से श्रद्धालुओं का स्वागत-सत्कार आदि किया जा रहा है। यहां पर आचार्यश्री वसुनंदी सागर महाराज के सानिध्य में महोत्सव संपन्न होगा। पढ़िए अंबाह से अजय जैन की यह खबर…
अंबाह। जैन अतिशय तीर्थ क्षेत्र सिहोनिया में छह दिवसीय पंचकल्याणक महा-महोत्सव का शुभारंभ बुधवार से हो गया है। पहले दिन गर्भ कल्याणक पूर्व की धार्मिक क्रियाएं प्रतिष्ठाचार्य तथा विद्वानों द्वारा संपन्न हो रही हैं। कई राज्यों से यहां पधारे जैन श्रद्धालुओं के लिए स्वागत और कार्यक्रम को भव्यता प्रदान करने के लिए सिहोनिया नगरी को सजाया गया है। आयोजन समिति से लेकर प्रशासन तक पूरी तरह से मुस्तैद हैं। विशाल मैदान में हो रहे महोत्सव के शुभांरभ के लिए रात भर तैयारियां की गईं। मंगलवार को मैदान पर 40 फीट लंबे ध्वज दंड को स्थापित किया गया। जिस पर बुधवार को जैन ध्वज फहराया गया। कार्यक्रम पूर्व संध्या पर इंद्र-इंद्राणियों तथा राजा-रानियों के पात्रों ने अपने-अपने संवादों का रिहर्सल किया। कार्यक्रम के लिए पधारे विद्वानों ने सभी पात्रों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
1008 महिलाओं ने सज-धज के निकाली घटयात्रा
सुबह पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ हुआ और जैन समाज की 1008 महिलाएं गाजे-बाजे के साथ घटयात्रा में शामिल हुईं। घट यात्रा मंदिर प्रांगण से रवाना हुई और कार्यक्रम के लिए तैयार किए गए पांडाल तक पहुंची। जहां पर घट स्थापना हुई। यह पंचकल्याणक महोत्सव आचार्य वसुनंदी जी महाराज के सान्निध्य में संयोजित हो रहा है। बुधवार को देवाज्ञा, गुरु आज्ञा, प्रतिष्ठाचार्य निमंत्रण, घटयात्रा, विमानोत्सव, ध्वजारोहण, वेदी शुद्धि, पांडाल उद्घाटन और जप प्रारंभ जैसे कार्यक्रम आरंभ हो रहे हैं। प्रथम दिवस आयोजन में आचार्य श्री के प्रवचन, नित्यमह पूजा, सकलीकरण, इन्द्र प्रतिष्ठा, नांदी विधान मंडप प्रतिष्ठा, यागमंडल विधान, मंगल आरती और इंद्र दरबार, कुबेर द्वारा रत्नवृष्टि, माता मरुदेवी की सेवा सोलह, स्वप्न दर्शन नृत्य, गर्भकल्याणक क्रियाएं (मध्य रात्रि) की क्रियाएं होंगी।
10 फरवरी तक चलेगा पंच कल्याणक महोत्सव
आयोजन में चित्र अनावरण कर्ता के तौर पर रुपेश कुमार जैन दिल्ली, दीप प्रज्ज्वलन कर्ता प्रेमचंद जैन मुरैना, जिनवाणी स्थापनाकर्ता निर्मल जैन दिल्ली, मुख्य कलश स्थापना ध्वजारोहण कर्ता धनेंद्रकुमार जैन, निर्माण विहार दिल्ली एवं मुख्य कलश स्थापना का कार्य दिनेश कुमार जैन सुपर फॉर्मा, उज्जैन कर रहे हैं। कमेटी के संरक्षक जिनेश जैन ने बताया कि 10 फरवरी तक पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव मनाया जाएगा। पंचकल्याण महोत्सव के तहत मंदिर में बनाई गई नवीन वेदियों में भगवान शांतिनाथ, भगवान नेमिनाथ, पार्श्वनाथ, आदिनाथ, चंद्रप्रभु, महावीर स्वामी सहित 24 तीर्थकर की 142 मूर्ति विधि-विधान से विराजमान की जाएगी। आयोजन के लिए भव्य पांडाल बनाया गया है। इसके पास ही भोजन और पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।













Add Comment