श्री भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थ संरक्षणी महासभा भोपाल संभाग की 11वीं बैठक एवं नववर्ष पारिवारिक मिलन समारोह तथा 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों का सम्मान कार्यक्रम विगत दिनों संपन्न हुआ। भोपाल से पढ़िए, यह खबर…
भोपाल। श्री भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थ संरक्षणी महासभा भोपाल संभाग की 11वीं बैठक एवं नववर्ष पारिवारिक मिलन समारोह तथा 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों का सम्मान कार्यक्रम विगत दिनों संपन्न हुआ। रविवार को भोपाल स्थित एप्को संस्थान सभागार पर्यावरण परिसर में नवबर्ष 2026 ,पारिवारिक स्नेह मिलन समारोह तथा बुजुर्गों के सम्मान के साथ तीर्थ संरक्षणी महासभा का कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंच पर अतिथियों के आगमन के बाद दीप प्रज्वलन से हुआ। सभी ने प्रार्थना गीत “मेरी भावना” का गायन किया। इस अवसर पर हरदा के उपाध्यक्ष आलोक जैन एवं आष्टा से नरेंद्र श्रीमोड़ ने सुंदर भजन प्रस्तुति दी। मंगलाचरण के बाद वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक संजय जैन ने स्वागत भाषण दिया। जिसमें उन्होंने सभी अतिथियों एवं उपस्थित समाजजनों का हार्दिक अभिनंदन किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष टीके वेद, प्रदेश कार्याध्यक्ष एवं पारस टीवी मध्य प्रदेश के जोनल हेड तल्लीन बड़जात्या, प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र कुमार सेठी, प्रदेश महामंत्री कैलाश लुहाड़िया, डिप्टी कलेक्टर पीसी जैन मध्यप्रदेश के मंत्री लखन पटेल जी के ओएसडी भी हैं। अतिथि रेखा प्रदीप जैन नोहरकलां एवं सभी उपस्थित बुजुर्गों का माला, शॉल श्रीफल एवं सम्मान पत्र से सम्मान किया गया।
अनिल आरबीआई निर्विरोध अध्यक्ष मनोनीत
अतिथियों के उद्बोधन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष टीके वेद एवं प्रदेश महामंत्री कैलाश लुहाड़िया ने तीर्थ संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भोपाल संभाग के अध्यक्ष अनिल जैन आरबीआई तथा पूरी टीम की प्रशंसा करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की सबसे बड़ी उपलब्धि अनिल आरबीआई को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने अप्रैल 26 से प्रारंभ नए सत्र से आगामी 3 वर्ष के लिए सर्व सहमति से निर्विरोध अध्यक्ष मनोनीत किया। प्रस्ताव का समर्थन वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय जैन ,वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री अजय जैन , जैनको एवं उपस्थित सभी सदस्यों ने एक मत से किया। अध्यक्ष की घोषणा होने के बाद करतल् ध्वनि से पूरे सदन ने स्वागत किया एवं मंच द्वारा अनिल जैन को अध्यक्ष मनोनीत होने पर बधाइयां दीं।
अप्रैल 26 के प्रथम सप्ताह में टीम की होगी घोषणा
निर्विरोध अध्यक्ष बनने पर अनिल जैन आबीआई ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, सभी अतिथियों एवं उपस्थित सभी सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कुछ पदों में मामूली बदलाव करते हुए पूरी टीम के लगातार काम करने की घोषणा की। कुछ पदों में परिवर्तन सदस्यों से राय लेकर अप्रैल 26 के प्रथम सप्ताह में टीम की घोषणा की जाएगी। संयोजिका एवं आकाशवाणी कलाकार साधना जैन द्वारा तीर्थ संरक्षणी महासभा की संक्षिप्त जानकारी प्रस्तुत की और कार्यक्रम का संचालन भी किया तथा संचालन में उनका साथ साक्षी जैन नोहरकला ने दिया।

दीवार घड़ियों का विमोचन करवाया
संरक्षक अजय जैन सीहोर एवं अध्यक्ष अनिल जैन ने अपने उद्बोधन में संगठन की उपलब्धियों एवं भावी योजनाओं की रूपरेखा रखी। वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय जैन ‘जैनको’ द्वारा गुल्लक योजना संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई तथा तथा यह भी बताया कि अभी तक 1 लाख 10 हजार 722 रुपए की राशि लखनऊ कार्यालय को भेजी गई। जिसकी उपस्थित जनों ने सराहना की सचिव आदिश्वर प्रसाद ने सचिवीय उद्बोधन दिया। प्राचीन तीर्थाे के जीर्णाेद्धार की जानकारी एवं प्रचार प्रसार के लिए अखिल भारतीय तीर्थ संरक्षणी महासभा भोपाल संभाग के सभी सदस्यों के सौजन्य से 100से अधिक दीवार घड़ियां बनवाई गई। जिसका विमोचन मंच पर किया गया। जिसे भोपाल एवं मध्य प्रदेश के अन्य क्षेत्र के मंदिरों में लगाने के लिए दी गई।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मन मोहा
अतिथि डिप्टी कलेक्टर पीसी जैन ने समाज की बेटियों की शादी अन्य समाज में होने पर चिंता व्यक्त की तथा समाज को इसे रोकने के लिए कहा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में पलक जैन ने मंगलाचरण नृत्य से प्रभु वंदना की तथा ममता जैन ने णमोकार मंत्र पर शानदार प्रस्तुति, मास्टर अन्वय जैन विदिशा ने डांस एवं कार्यक्रम का विशेष आकर्षण हास्य से भरपूर पति-पत्नी के खट्टे मीठे संवाद राजेश जैन डालडा ममता जैन ‘शुद्ध ने प्रस्तुत किया। जिससे पूरे सदन हंसी ठहाकों से गूंज उठा एवं समूचे वातावरण को उल्लास से भर दिया।
स्वयं चलकर पहुंचे मंच पर वरिष्ठजन
कार्यक्रम में 85 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के बुजुर्गों की 54 प्रविष्टि प्राप्त हुई। जिसमें से अधिकांश बुजुर्गजनों ने स्वयं परिवार सहित उपस्थित होकर सम्मान ग्रहण किया। इसमें 90, 95, 99 एवं 101 वर्ष से ऊपर की 2 महिलाएं भी स्वयं चलकर आई थीं। सभी बुजुर्गों का क्रमवार उपस्थित सभी ने श्रद्धा एवं सम्मान के साथ अभिनंदन किया। वरिष्ठ जनों ने दिल से भरपूर आशीर्वाद भी दिया। भोपाल संभाग द्वारा लगातार तीसरे वर्ष यह सम्मान समारोह किया गया। मनोरंजक खेलकूद प्रतियोगिता में सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेताओं तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए गए। मोदी आजाद जैन ने सभी अतिथियों पदाधिकारियों एवं आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। यह आयोजन संगठनात्मक एकता, सामाजिक समरसता एवं तीर्थ संरक्षण के संकल्प को और अधिक दृढ़ करने वाला सिद्ध हुआ।













Add Comment