मुरैना. मनोज नायक। जैन अतिशय क्षेत्र टिकटोली, दूमदार में विधान समापन पर श्रीजी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस अवसर पर कलशाभिषेक का कार्यक्र बीएनम भी हुआ। अतिशय क्षेत्र कमेटी के अध्यक्ष राजेन्द्र भण्डारी ने बताया कि चंबल संभाग के अति प्राचीनतम ऐतिहासिक जैन तीर्थस्थल श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र, टिकटोली (जौरा), मुरैना में परम पूज्य मुनिश्री अजितसागर जी, ऐलक श्री परमानन्द सागर जी, ऐलक श्री दयासागर जी महाराज के पावन सान्निध्य में मुरैना पल्लीवाल जैन समाज के श्रावक श्रेष्ठी पुण्यार्जक परिवार यतीन्द्रकुमार, संजयकुमार जैन ने 18 सितम्बर से 25 सितंबर तक श्री 1008 सिद्धचक्र महामण्डल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन किया था।

विधान के समापन पर श्रीजी को पालकी में सवार कर भव्य आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में इंद्र-इंद्राणी चंवर डुलाते हए चल रहे थे। श्रीजी की शोभायात्रा में युवा भक्त नृत्य एवं जैन सिद्धान्तों पर आधारित भजनों का मंगलगान कर रहे थे। क्ष्रेत्र परकोटा में भ्रमण पश्चात श्रीजी की शोभायात्रा विधान स्थल पर पहुंची। यहां इन्द्रों द्वारा श्री 1008 जिनेन्द्र प्रभु का कलशाभिषेक किया गया। कार्यक्रम के समापन पर पधारे हुए विशेष अतिथियों का सम्मान किया गया। इसके बाद उपस्थित सभी सधर्मी बन्धुओं ने सामूहिक भोज का आनन्द लिया।












