मुरैना. मनोज नायक। जैन अतिशय क्षेत्र टिकटोली दुमदार (जौरा), मुरैना में आगामी 9 अक्टूबर को ग्वालियर-चम्बल सम्भाग के जैन प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र कमेटी के संस्थापक-संरक्षक जगदीशचंद जैन भैयाजी ने बताया कि क्षेत्र में परम पूज्य संत शिरोमणि जैनाचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य प्रशममूर्ति मुनिश्री अजितसागर जी महाराज ससंघ का चातुर्मास चल रहा है।
पूज्य मुनिश्री के सान्निध्य में चंबल अंचल के प्रतिभाशाली बच्चों के प्रोत्साहन के लिए अविजित समूह राष्ट्रीय शाखा (विदिशा) परिवार द्वारा आगामी 9 अक्टूबर को अतिशय क्षेत्र टिकटोली में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में इस सत्र में ग्वालियर- चम्बल सम्भाग के जिन छात्र-छात्राओं ने 10वीं की परीक्षा 90% और 12वीं की परीक्षा 85% या अधिक अंकों से उत्तीर्ण की है, उनका सम्मान किया जाएगा।
इसके अलावा इस वर्ष आईएएस, आईपीएस एवं सीए में चयनित छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के पुण्यार्जक बण्डा निवासी अशोक जैन, सुगन्धी जैन(ठेकेदार परिवार) रहेंगे। प्रतिभा सम्मान समारोह के प्रचार प्रभारी डॉ. मनोज जैन ने बताया कि प्रतिभा सम्मान समारोह के प्रथम चरण में प्रातः 8 बजे से 10वीं एवं 12वीं के चयनित प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित किया जाएगा।
दोपहर 12.30 बजे से 02 बजे तक ख्याति प्राप्त काउंसलर रीतेश जी जैन गाजियाबाद द्वारा प्रतिभाशाली बच्चों को काउंसिलिंग के माध्यम से मोटिवेट किया जाएगा। इस अवसर पर बच्चों को महत्वपूर्ण टिप्स देने के साथ ही उनकी शंकाओं का समाधान भी किया जाएगा। काउंसिलिंग में वे छात्र भी सम्मिलित हो सकते हैं, जो प्रतिभा सम्मान समारोह का हिस्सा नहीं हैं।
द्वितीय चरण में दोपहर 2 बजे से अन्य चयनित प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। अतिशय क्षेत्र टिकटोली के अध्यक्ष राजेन्द्र भण्डारी के अनुसार प्रतिभा सम्मान समारोह में चयनित सभी प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों के भोजन आदि की समुचित व्यवस्था क्षेत्र पर की गई है।












