समाचार

जैन संत की हत्या के विरोध में दिया जाएगा ज्ञापन : मौन जुलूस निकालकर मुरैना जैन समाज करेगा कड़ी कार्यवाही की मांग


कर्नाटक में जैन संत आचार्य श्री कामकुमार नंदी महाराज की जघन्य हत्या के विरोध में स्थानीय जैन समाज द्वारा 15 जुलाई को मौन जुलूस निकालकर स्थानीय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। पढ़िए मनोज नायक की रिपोर्ट…


मुरैना। कर्नाटक में जैन संत आचार्य श्री कामकुमार नंदी महाराज की जघन्य हत्या के विरोध में स्थानीय जैन समाज द्वारा 15 जुलाई को मौन जुलूस निकालकर स्थानीय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। मुरैना बड़ा जैन मंदिर समिति के मंत्री धर्मेंद्र जैन एडवोकेट ने जानकारी देते हुए बताया कि विगत 8 जुलाई को कर्नाटक प्रांत के हीरेखोड़ी गांव के जैन आश्रम में चातुर्मासरत जैन संत आचार्य श्री कामकुमार नंदी महाराज का अपहरण कर उनकी निर्मम हत्या कर दी गई, जिससे सम्पूर्ण भारतवर्ष की जैन समाज में भारी आक्रोश है। इस हत्याकांड के विरोध में स्थानीय जैन समाज द्वारा 15 जुलाई को मौन जुलूस निकालकर भारत के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं कर्नाटक के मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन स्थानीय प्रशासन को प्रदान करेंगे।

सजा दिलाने की मांग

धर्मेंद्र जैन के अनुसार शनिवार 15 जुलाई को स्थानीय जैन समाज के सभी लोग बड़े जैन मंदिर में एकत्रित होंगे। बड़े जैन मंदिर से एक विशाल मौन जुलूस प्रारंभ होकर लोहिया बाजार, सराफा बाजार, झंडा चौक, हनुमान चौराहा, सदर बाजार, पुल तिराहा होते हुए पुरानी कलेक्ट्रेट ऑफिस पहुंचकर स्थानीय प्रशासन को ज्ञापन सौंपेगा। ज्ञापन में इस हत्याकांड को दुखद व निंदनीय बताते हुए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाए जाने की मांग की गई है, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृति न हो सके।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
6
+1
0
+1
1
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page