भारत सरकार की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत श्री महावीर जी रेलवे स्टेशन पर स्थापित भगवान महावीर स्वामी की ब्रॉज मेटल प्रतिमा का अनावरण शनिवार, 1 नवंबर को जयपुर की भट्टारक जी की नसिया में होगा। कार्यक्रम में जैन समाज के कई गणमान्य लोग शामिल होंगे। पढ़िए राजेश जैन दद्दू की रिपोर्ट…
जयपुर। श्री महावीर जी दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र द्वारा भगवान महावीर स्वामी की 3.5 फीट ऊंची ब्रॉज मेटल प्रतिमा का अनावरण 1 नवंबर, शनिवार को जयपुर स्थित भट्टारक जी की नसिया में किया जाएगा। धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि यह प्रतिमा “जीओ और जीने दो” के दिव्य संदेश की प्रतीक है और इसे भारत सरकार व रेल मंत्रालय की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत श्री महावीर जी रेलवे स्टेशन पर स्थापित किया जाएगा।
समारोह दोपहर 12.15 बजे आरंभ होगा, जिसमें समाजश्रेष्ठी गजेन्द्र बडजात्या, प्रवीण बडजात्या और विकास बडजात्या द्वारा प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इस अवसर पर रेल्वे एक्सईएन अनिल जैन ललितपुर एवं प्रसिद्ध वास्तुविद् राजकुमार कोठ्यारी विशिष्ट अतिथि रहेंगे। कार्यक्रम के संयोजक नरेन्द्र जैन नृपत्या, भारतभूषण जैन अजमेरा, प्रवीण बडजात्या और राजेश बडजात्या होंगे।
महावीर जी क्षेत्र के कोषाध्यक्ष विवेक काला के अनुसार यह प्रतिमा लगभग 1400 किलोग्राम वजनी है और श्री महावीर जी रेलवे स्टेशन पर 22.5 फीट ऊंची छतरी पर स्थापित की जाएगी। प्रतिमा का अवलोकन जयपुर में दोपहर 2.15 बजे तक किया जा सकेगा, जिसके बाद यह शोभायात्रा के रूप में गंगापुर होते हुए श्री महावीर जी पहुंचेगी।













Add Comment