समाचार

जैन तीर्थ टिकटोली में होगा महामस्तकाभिषेक: जौरा में 7 जून को मनाया जाएगा सुपार्श्वनाथ जी का मोक्ष कल्याणक  


मुनिराजों का अतिशय क्षेत्र टिकटोली में 8 जून को भव्य मंगल प्रवेश होगा एवं मुनिश्री के सानिध्य में भगवान शांतिनाथ का महामस्तकाभिषेक होगा। मुनिश्री विलोकसागर एवं मुनिश्री विबोधसागर महाराज मुरैना से पद विहार करते हुए जौरा में धर्म प्रभावना कर रहे हैं। जौरा में 7 जून को तीर्थंकर सुपार्श्वनाथ का निर्वाण लाड़ू चढाया जाएगा। मुरैना से पढ़िए, मनोज जैन नायक की यह खबर…


मुरैना। मुनिराजों का अतिशय क्षेत्र टिकटोली में 8 जून को भव्य मंगल प्रवेश होगा एवं मुनिश्री के पावन सानिध्य में मूलनायक भगवान शांतिनाथ का महामस्तकाभिषेक होगा। अतिशय क्षेत्र टिकटोली के अध्यक्ष राजेंद्र भंडारी ने बताया कि आचार्य विद्यासागर महाराज, आचार्यश्री आर्जवसागर जी महाराज के शिष्य मुनिश्री विलोकसागर एवं मुनिश्री विबोधसागर महाराज मुरैना से पद विहार करते हुए जौरा में धर्म प्रभावना कर रहे हैं। मुनिराज जौरा से 7 जून को शाम 5 बजे अतिशय क्षेत्र टिकटोली के लिए मंगल पद विहार करेंगे। रात्रि विश्राम परसोटा मोड पर होगा। रविवार 8 जून को प्रातः 7 बजे मुनिराजों का भव्य मंगल प्रवेश अतिशय क्षेत्र टिकटोली में होगा। मुनिराज के आगमन की सूचना मिलते ही कमेटी ने अगवानी की विशेष तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं।

दिगंबर संतों की अगवानी के लिए जैन मित्र मंडल मुरैना, अतिशय मित्र मंडल जौरा ने विशेष योजना तैयार की है। क्षेत्र की सीमा पर सभी लोगों द्वारा मुनिश्री का पाद प्रक्षालन, आरती एवं श्रीफल द्वारा भव्य अगवानी की जाएगी। गाजे बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा के रूप में मुनिराजों को भव्य मंगल प्रवेश कराया जाएगा। अतिशय क्षेत्र टिकटोली पहुंचने के लिए 8 जून को प्रातः 6 बजे बड़े जैन मंदिर मुरैना से निःशुल्क बस रवाना होगी। आहारचर्या के बाद बस मुरैना वापस लौटेगी। मुनिराजों के टिकटोली आगमन से सभी गुरुभक्तों में खुशी है। इस अवसर पर मुरैना, बानमौर, जौरा, अम्बाह, आगरा, धौलपुर आदि अनेकों स्थानों से सैकड़ों की संख्या में साधर्मी बंधुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए क्षेत्र कमेटी ने सभी तैयारियों को पूर्ण कर लिया है। क्षेत्र पर आने वाले सभी बंधुओं के आवास एवं भोजनादि की समुचित व्यवस्था की गई है।

मुनिराज जौरा में कर रहे हैं धर्म प्रभावना

युगल मुनिराजों के पावन सानिध्य में महती धर्म प्रभावना हो रही है। मुनिश्री ने मुरैना से मंगल पद विहार करते हुए गुरुवार 5 जून को जौरा में भव्य मंगल प्रवेश किया था। 7 जून को मुनिश्री के सानिध्य में तीर्थंकर भगवान सुपार्श्वनाथ भगवान का मोक्ष कल्याणक मनाया जाएगा। सभी जैन धर्मावलंबी मोक्ष कल्याणक के पावन अवसर पर निर्वाण लाड़ू समर्पित करेंगे। आहारचर्या एवं सामयिक के पश्चात शाम को 5 बजे अतिशय क्षेत्र टिकटोली के लिए विहार होगा।

टिकटोली में होगा भगवान शांतिनाथ का महामस्तकाभिषेक

क्षेत्र कमेटी के महामंत्री ओमप्रकाश जैन जौरा ने बताया कि लगभग 1100 वर्ष प्राचीन श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन परमोदय अतिशय क्षेत्र टिकटोली दूमदार मेंयुगल मुनिराजों के पावन सानिध्य में मूलनायक भगवान शांतिनाथ का महामस्काभिषेक 8 जून को प्रातः 8 बजे किया जाएगा। यूं तो भगवान शांतिनाथ स्वामी सहित सभी जिनबिम्बों का नित्य ही अभिषेक होता है, लेकिन वार्षिक मेला एवं विशेष अवसरों पर महामस्तकाभिषेक का होगा।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
1
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

You cannot copy content of this page