मदनगंज-किशनगढ़ में श्री मुनिसुव्रतनाथ दिगम्बर जैन पंचायत की ओर से 16 फरवरी से वात्सल्य वारिधि आचार्यश्री वर्धमान सागर महाराज ससंघ के सानिध्य में श्री वृहद भक्तामर महामंडल विधान का आयोजन किया जाएगा । 24 फरवरी तक चलने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा विस्तार से जानिए इस रिपोर्ट में
मदनगंज-किशनगढ़ में आज से 24 फरवरी तक वृहद भक्तामर महामंडल विधान आयोजित किया जाएगा । श्री मुनि सुव्रतनाथ दिगम्बर जैन पंचायत के अध्यक्ष अध्यक्ष विनोद पाटनी और मंत्री सुभाष बड़जात्या ने बताया कि विधान के शुभारंभ पर गुरुवार को प्रातः 7 बजे घटयात्रा श्री मुनिसुव्रतनाथ मंदिर से रवाना होगी। घटयात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए आरके कम्युनिटी सेंटर पहुंचेगी ।

गुरुवार से ही विधिवत कार्यक्रमों की रूपरेखा तय
विधानाचार्य कुमुद सोनी अजमेर के निर्देशन में प्रातः 8.15 बजे ध्वजारोहण, आचार्य निमंत्रण, मंडल शुद्धि, मंडप शुद्धि तथा भगवान को विराजमान किया जाएगा। बाद में इंद्र प्रतिष्ठा, जाप अनुष्ठान, अंकुरारोपण के बाद आचार्यश्री के आशीर्वचन होंगे। दोपहर 12.30 बजे इंद्रो का सकलीकरण, श्रीजी का अभिषेक एवं शांतिधारा तथा आचार्यश्री के आशीर्वचन होंगे। इसके पश्चात श्री भक्तामर मंडल विधान की पूजन प्रारंभ होगी। शाम 7 बजे महाआरती की जाएगी। उपाध्यक्ष दिलीप कासलीवाल ने बताया कि 16 से 23 फरवरी तक वृहद श्रीभक्तामर मंडल विधान विधानाचार्य कुमुद सोनी अजमेर के निर्देशन में होगा। प्रतिदिन दोपहर को श्रीजी के अभिषेक ,नित्य नियम पूजन के बाद मंडल विधान की पूजन होगी। उपमंत्री दिनेश पाटनी ने बताया कि पूजन के बीजाक्षरो का वाचन आचार्यश्री एवं संघस्थ साधुओं के द्वारा किया जाएगा। इसके बाद आचार्यश्री के मंगल प्रवचन होंगे। वहीं शाम को महामंगल आरती होगी।
24 फरवरी को यह होगा धार्मिक आयोजन
प्रचार मंत्री गौरव पाटनी ने बताया कि 24 फरवरी को प्रातः 7 बजे श्रीजी का अभिषेक, महाशांतिधारा के बाद पूजन होगा । प्रथमाचार्य शांतिसागर महाराज जी की अक्षुण्ण मूल बाल ब्रह्मचारी पट्ट परम्परा के तृतीय पट्टाधीश आचार्यश्री धर्मसागर का 55वां आचार्य पदारोहण समारोह मनाया जाएगा आचार्यश्री की विशेष द्रव्यों से पूजन किया जाएगा। आचार्यश्री एवं संघस्थ साधुओं द्वारा गुणानुवाद विनयांजलि द्वारा किया जाएगा। प्रातः 10 बजे महामंडल की पूर्णाहुति में विश्व शांति महायज्ञ किया जाएगा। दोपहर को आर के कम्यूनिटी सेंटर से श्रीजी की रथयात्रा श्री मुनिसुव्रतनाथ मंदिर जाएगी ।













Add Comment