ऐतिहासिक और धार्मिक धारानगरी के समीपवर्ती श्री दिगंबर जैन पार्श्वनाथ मंदिर आहूजी अतिशय क्षेत्र में 26 दिसंबर को वार्षिक मेला लगेगा। यहां श्रीजी के अभिषेक, शांतिधारा, मंडल विधान सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रम आचार्यश्री विप्रणत सागरजी के सानिध्य में होंगे। पढ़िए धार से पवन जैन गंगवाल की खबर…
धार। दिगंबर जैन पारसनाथ अतिशय तीर्थ क्षेत्र आहूजी में 26 दिसंबर को भगवान पारसनाथ का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। प्रबंध समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र जैन और सचिव राकेश गंगवाल ने बताया कि 26 दिसंबर को सुबह 7 बजे भगवान का अभिषेक एवं शांतिधारा, सुबह 8 बजे नित्य पूजन और पारसनाथ मंडल विधान पूजन, सुबह 10 बजे भव्य शोभायात्रा, 11 बजे अतिथि उद्बोधन, सम्मान एवं संत प्रवचन होंगे। अंत में श्रीजी के जन्माभिषेक एवं महाआरती होगी।
इन अतिथियों का मिलेगा साथ
मीडिया प्रभारी सुभाष जैन ने बताया कि जन्मोत्सव कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा, विहिप के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष हुकुमचंद सांवला, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज सोमानी, दानवीर भूमि प्रदाता गजेंद्र जैन गिन्नी ग्रुप शामिल होंगे।

आचार्यश्री विप्रणत सागरजी के सानिध्य में होंगे कार्यक्रम
संपूर्ण कार्यक्रम को आचार्य विप्रणतसागरजी मसा और मानतुंगगिरि तीर्थ क्षेत्र की संचालिका चंद्रमति माताजी का सान्निध्य मिलेगा। दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष श्रेणिक गंगवाल और आहू प्रबंध समिति अध्यक्ष वीरेंद्र जैन ने बताया कि कार्यक्रम में समाजजनों के अतिरिक्त मप्र, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों से भक्त शामिल होंगे।













Add Comment