दोहों का रहस्य समाचार

दोहों का रहस्य -104 सच्चा साधक वही जो अपने मन को निर्मल करता है : जैसा भीतर से हो, वैसा ही बाहर से भी दिखो


दोहे भारतीय साहित्य की एक महत्वपूर्ण विधा हैं, जो संक्षिप्त और सटीक रूप में गहरी बातें कहने के लिए प्रसिद्ध हैं। दोहे में केवल दो पंक्तियां होती हैं, लेकिन इन पंक्तियों में निहित अर्थ और संदेश अत्यंत गहरे होते हैं। एक दोहा छोटा सा होता है, लेकिन उसमें जीवन की बड़ी-बड़ी बातें समाहित होती हैं। यह संक्षिप्तता के साथ गहरे विचारों को व्यक्त करने का एक अद्भुत तरीका है। दोहों का रहस्य कॉलम की 104वीं कड़ी में पढ़ें मंजू अजमेरा का लेख…


“मन मैला तन उजाला, बगुला कपटी अंग।

तासो तो कौआ भला, तन मन एक ही रंग॥”


कबीरदास इस दोहे में गहन जीवन-सत्य को उजागर करते हैं। वे कहते हैं — यदि किसी का मन मैला है, यानी उसमें छल, कपट, लोभ, द्वेष और वासना भरे हुए हैं, तो उसका उजला तन, अर्थात साफ-सुथरा पहनावा, विनम्र बोली या धार्मिक वेशभूषा — किसी भी काम का नहीं। यह सब मात्र दिखावा है।

 

बगुला बाहर से सफेद और शांत दिखता है, परंतु भीतर से कपटी होता है — वह ध्यान की मुद्रा में केवल शिकार की प्रतीक्षा कर रहा होता है। यह झूठी साधुता और छद्म धार्मिकता का प्रतीक है।

 

इसके विपरीत, कौआ, भले ही काला है, पर जैसा वह दिखता है, वैसा ही होता है — तन और मन दोनों एक जैसे। उसमें कोई दिखावा या छल नहीं होता।

इसलिए कबीर कहते हैं कि ऐसा व्यक्ति, जिसकी भीतर-बाहर एकता है, वह उस ढोंगी से कहीं श्रेष्ठ है जो बाहर से साधु और भीतर से शैतान है।

 

इस दोहे में कबीर पाखंडी प्रवृत्तियों पर करारा प्रहार करते हैं — ऐसे लोग जो धर्म का चोला ओढ़कर समाज को धोखा देते हैं, जबकि उनके कर्म और चरित्र भीतर से सड़े होते हैं। वे दिखावे से साधु, पर भीतर से स्वार्थी और कपटी होते हैं। कबीर स्पष्ट कहते हैं — इनसे बेहतर वह है जो जैसा है, वैसा दिखता है, भले ही समाज उसे नकारात्मक रूप में देखे।

 

इस दोहे से हमें यह सीख मिलती है कि सच्चा साधक वह नहीं जो केवल तन को सजाता है, बल्कि वह है जो अपने मन को निर्मल करता है।

परमात्मा की प्राप्ति, आत्मज्ञान की राह और सच्चा धर्म — ये सब मन की शुद्धता से ही संभव हैं।

 

बाहरी आडंबर, व्रत, दान, पूजा — ये सब तब तक व्यर्थ हैं जब तक मन अहंकार, वासना, ईर्ष्या और दुराग्रह से मुक्त न हो।

 

कबीर हमें आत्ममूल्यांकन के लिए प्रेरित करते हैं —

“यदि तुम बाहर से सज्जन, भक्त या साधु दिखते हो, तो भीतर भी वैसे ही बनो।”

भीतर-बाहर की समानता ही सच्ची साधना है।

 

जो व्यक्ति मन से निर्मल है, वही वास्तव में ईश्वर के निकट होता है।

ढोंग से न ईश्वर मिलता है, न आत्मिक शांति।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page